जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया नगर पंचायत के जनप्रतिनिधि बिजली विभाग के खिलाफ विरोध पर उतर आए हैं. नगर पंचायत क्षेत्र के सभी वार्डों में हो रही बिजली की समस्या को लेकर जनप्रतिनिधियों ने गुरुवार को धरना दिया. चाकुलिया नया बाजार क्षेत्र में स्थित बिजली विभाग के कार्यालय के समक्ष सभी वार्ड मेंबर धरने पर बैठ गए. हाथों में तख्तियां लेकर जनप्रतिनिधियों ने बिजली विभाग का विरोध किया. इसका नेतृत्व चाकुलिया नगर पंचायत के उपाध्यक्ष राजकुमार मिश्रा ने किया. जनप्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि बार-बार शिकायत के बाद भी बिजली विभाग बिजली की समस्याओं का निराकरण नहीं कर पा रहा है. इसके खिलाफ सभी जनप्रतिनिधियों ने एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के बाद बिजली विभाग के एसडीओ के नाम एक ज्ञापन सौंपा गया. जनप्रतिनिधियों ने 15 दिनों के भीतर उनकी मांगे पूरी करने की बात बिजली विभाग के समक्ष रखी. 15 दिनों के भीतर मांगे पूरी नहीं होने पर जनप्रतिनिधियों ने आमरण अनशन करने की बात कही.
ट्रांसफार्मर में ईभी स्विच लगाने समेत अन्य मांगें रखी
जनप्रतिनिधियों ने बिजली विभाग से चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र के सभी वार्डों के ट्रांसफार्मर में ईभी स्विच लगाने की मांग की. इसके अलावा पुराने और जर्जर तारों को हटाने, जर्जर बिजली के खंभों को बदलने, बिजली के तारों को अंडरग्राउंड करने की मांग रखी. इसके अलावा नगर पंचायत क्षेत्र में लोड शेडिंग की व्यवस्था को भी दुरुस्त करने की मांग की. कहा कि लोड शेडिंग के कारण जलापूर्ति ठीक से नहीं हो पा रही है. पेयजल की समस्या को देखते हुए लोड शेडिंग की व्यवस्था को दुरुस्त करना जरूरी है.
