Jharkhand

चाईबासा: नोवामुंडी में तेज आंधी से स्कूल की छत उड़ी, तीन बच्चे घायल

Rohit Kumar Sr. Correspondent
Rohit Kumar Sr. Correspondent
Copy Editor

चाईबासा (CHAIBASA): पश्चिम सिंहभूम जिले में गुरुवार को दोपहर आई तेज आंधी से बड़ा हादसा हो गया. तेज आंधी के कारण स्कूल की छत उड़ गई है. इसमें तीन बच्चे घायल हो गए. जबकि स्कूल में पढ़ रहे अन्य बच्चे बाल-बाल बचे. घटना नोवामुंडी के जेटेया स्थित इसीसाई स्कूल में हुई. तेज आंधी के कारण छप्पर और एस्बेस्टस उड़कर स्कूल के कमरे में गिर गए. इसकी चपेट में आने से 3 बच्चे घायल हो गए. घायलों में सलन दरई, रोशन लागूरी और स्टेनली पिंगोर शामिल है. सलन के घुटने, रोशन के सिर और स्टेनली सिर में चोट आई है. घटना के बाद स्कूल में अफरा तफरी मच गई. काफी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए. घायल बच्चों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. घटना के दौरान कक्षा में 8 छात्र मौजूद थे. 3 को चोट आई जबकि 5 बच्चे बाल-बाल बचे. स्कूल की शिक्षिका सुष्मिता कुमारी के अनुसार स्कूल में 160 बच्चे पढ़ते है. स्कूल 2016 से चल रहा है.
गुरुवार दोपहर बाद से पूरे कोल्हान में तेज बारिश हो रही है. इस दौरान कई इलाकों में तेज हवा भी चली. कई जगहों पर पेड़ भी गिरे. बिजली के तार और खंभे गिरने से कई गांवों में बिजली भी प्रभावित हुई है. चाइबासा, सरायकेला और पूर्वी सिंहभूम जिले के ग्रामीण इलाकों में बारिश के साथ तेज हवा भी चली. इस दौरान वज्रपात भी हुआ. आंधी के कारण काफी नुकसान हुआ है.