Jharkhand

जमशेदपुर में 60 लाख का गांजा बरामद, ओड़िशा का एक तस्कर गिरफ्तार

Rohit Kumar Sr. Correspondent
Rohit Kumar Sr. Correspondent
Copy Editor

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ जमशेदपुर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है. इसी क्रम में पुलिस ने 60 लाख रुपए के गांजा के साथ ओड़िशा के एक तस्कर को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई बहरागोड़ा पुलिस ने की है. गिरफ्तार आरोपी के पास से 113 किलो गांजा बरामद किया गया है. जबकि 15 हजार रूपये नकद और 2 मोबाइल भी आरोपी के पास से बरामद हुए है. गिरफ्तार आरोपी पिनकन स्वैन ओडिशा के पूरी जिले का रहने वाला है. पुलिस ने उसे जेल भेज दिया है. मंगलवार को ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने पूरे मामले का खुलासा किया. उन्होंने बताया कि आरोपी एक वाहन संख्या 0डी33एजेड - 5723 से गांजा ले जा रहा रहा. गिरफ्तार आरोपी का कोई अपराधिक इतिहास नहीं है.

बहरागोड़ा में हुई गिरफ्तारी
ग्रामीण एसपी ने बताया कि आरोपी को बहरागोड़ा से गिरफ्तार किया गया. पुलिस को सूचना मिली थी कि बहरागोड़ा के रास्ते गांजा की सप्लाई होने वाली है. इसके तहत बहरागोड़ा के कालियाडिंगा चौक के पास जांच अभियान चलाया गया. इसी क्रम में आरोपी को जांच के लिए रोका गया. वाहन के डिक्की में 113 पैकेट गांजा बरामद किया गया. एसपी ने बताया कि गिरोह में शामिल अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. पूछताछ में आरोपी ने बताया है कि वह अपने 2 साथियों के साथ गांजा की तस्करी करता है. पुलिस उसके साथियों का पता लगा रही है. एसपी के अनुसार आरोपी गांजा का खेप लेकर पश्चिम बंगाल के खड़गपुर पहुंचाने जा रहा था. उसने बताया कि अपने 2 साथियों के साथ ओड़िशा के भुवनेश्वर से गांजा का खेप बंगाल के अलावा झारखंड से अलग अलग जिलों में पहुंचाता था. बरामद गांजा की कीमत 60 लाख रुपए आंकी गई है.  एसपी ने कहा कि मादक पदार्थ की तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा.