जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर के होटल कारोबारी निखार सबलोक की हत्या के मामले में सरायकेला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. निखार को गोली मारने वाले 2 शूटरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. बताया जा रहा है कि पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा स्थित पश्चिम बंगाल के बॉर्डर के पास से दोनों को गिरफ्तार किया है. पुलिस उन्हें हिरासत में लेकर सरायकेला आ रही है. उनसे पूछताछ में हत्या का पूरा राज खुल सकता है. ये दोनों वही शूटर हैं जो सीसीटीवी फुटेज में दिखे थे. सूत्रों के अनुसार निखार की हत्या करने के बाद वे सड़क मार्ग से बंगाल भागने की फिराक में थे. लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें बहरागोड़ा से गिरफ्तार कर लिया. हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. इधर, पुलिस ने शहर से भी कई लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है.
शव का कराया गया पोस्टमार्टम
मंगलवार की सुबह निखार सबलोक के शव को पोस्टमार्टम के लिए लाया गया. एमजीएम अस्पताल स्थित पोस्टमार्टम हाउस में कई परिचित जुटे. पोस्टमार्टम के बाद शव को उनके घर कदमा स्थित विजय हेरिटेज ले जाया गया. शहर में कई कारोबारियों के अलावा विभिन्न पार्टियों के नेता भी उनके घर पहुंचे और परिवार को सांत्वना दिया. इधर, हत्या को लेकर निखार के पिता ने चांडिल थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है. पुलिस हर पहलुओं पर जांच कर रही है.
होटल कर्मियों से भी हो रही पूछताछ
चांडिल पुलिस इस मामले में 10th माईल स्टोन रेस्टोरेंट के कर्मियों से भी पूछताछ कर रही है. इसके अलावा जिससे निखार मिलने होटल गया था, उससे भी पुलिस पूछताछ कर रही है. वहीं, घटना के दौरान होटल के पास दिखी संदिग्ध महिला की तलाश भी पुलिस ने तेज कर दी है. बताया जा रहा है कि बाहर से शूटरों को बुलाकर हत्या कराई गई. बता दें कि सोमवार की दोपहर 10th माईल स्टोन रेस्टोरेंट में होटल कारोबारी निखार सबलोक की हत्या गोली मारकर की गई थी.
