जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): शहर के गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित केनरा बैंक में गुरुवार सुबह हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े बड़ी डकैती की वारदात को अंजाम दिया. करीब 5-6 की संख्या में रेनकोट पहनकर बैंक में घुसे बदमाशों ने हथियार के बल पर कर्मचारियों को बंधक बना लिया. इसके बाद बैंक के चेस्ट से 42 लाख रुपये से अधिक नकदी और लॉकर में रखे कीमती स्वर्णाभूषण लूटकर फरार हो गए. घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, वारदात सुबह करीब 9 बजे की बताई जा रही है. बारिश के कारण सभी अपराधी रेनकोट पहनकर बैंक के अंदर दाखिल हुए थे. इससे उनके चेहरे काफी हद तक ढके हुए थे. बैंक में घुसते ही अपराधियों ने हथियार दिखाकर कर्मचारियों को अपने कब्जे में ले लिया और उन्हें किसी तरह का विरोध नहीं करने दिया.
गार्ड ने किया विरोध तो बंदूक की बट से किया हमला
बताया जा रहा है कि बैंक के सुरक्षा गार्ड संतोष कुमार ने अपराधियों का विरोध करने की कोशिश की. इस दौरान बदमाशों ने बंदूक की बट से हमला कर उन्हें घायल कर दिया. इसके बाद अपराधी बैंक मैनेजर अजीत कुमार के चेंबर में पहुंचे और उन्हें गन प्वाइंट पर लेकर चेस्ट खुलवाया. अपराधियों ने चेस्ट से 42 लाख रुपये से अधिक नकदी निकाल ली. इसके बाद बैंक के लॉकर में रखे कीमती स्वर्णाभूषण भी अपने कब्जे में ले लिए. लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश बैंक से बाहर निकले और दो बाइकों से फरार हो गए.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. ग्रामीण एसपी, डीएसपी समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस बैंक के अंदर और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि अपराधियों की पहचान और उनकी गतिविधियों का पता लगाया जा सके. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि अपराधी किस रास्ते से फरार हुए और वारदात में उनके अन्य साथी शामिल थे या नहीं. अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों और भागने वाले रास्तों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है. आसपास के इलाकों में संदिग्धों की तलाश भी की जा रही है. दिनदहाड़े बैंक में हुई इस बड़ी वारदात के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. फिलहाल पुलिस लूट की पूरी रकम और सोने के आभूषणों के मूल्य का आकलन करने के साथ अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी में जुटी है.
रिपोर्ट : रंजीत ओझा
