जमशेदपुर(JAMSHEDPUR):जमशेदपुर के चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड में एक बड़ा अपडेट सामने आया है जहां मामले के मुख्य नामजद आरोपियों में शामिल राहुल दुबे ने शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे बिष्टुपुर थाना पहुंचकर पुलिस के समक्ष सरेंडर कर दिया.प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, राहुल दुबे ने थाना परिसर में हाथ ऊपर उठाकर फिल्मी अंदाज में सरेंडर किया.
लगातार राहुल की तलाश में लगी थी पुलिस
बताया जा रहा है कि पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी. इसी बीच उसने स्वयं थाना पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया.सरेंडर के बाद पुलिस ने राहुल दुबे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. सूत्रों के अनुसार, उससे हत्या की साजिश, घटना में शामिल अन्य आरोपियों और वारदात से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर पूछताछ की जा रही है.
पुलिस की ओर से नहीं आया है कोई अधिकारिक
हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम पर पुलिस अधिकारियों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. माना जा रहा है कि पूछताछ और जांच पूरी होने के बाद पुलिस मामले में विस्तृत जानकारी साझा करेगी.गौरतलब है कि हिमांशु सिंह हत्याकांड में पुलिस अब तक बार संचालक नीरज सिंह समेत 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है. ऐसे में राहुल दुबे का सरेंडर जांच के लिए एक अहम कड़ी माना जा रहा है.
रिपोर्ट-रंजीत ओझा
