Jharkhand

जमशेदपुर में बेखौफ चोर: ग्रिल काटकर दुकान में घुसे, नकदी समेत 5 लाख का सामान चोरी

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

जमशेदपुर(JAMSHEDPUR):  जमशेदपुर शहर के जुगसलाई थाना क्षेत्र से चोरी कि घटना सामने आई है जहां क्षेत्र  स्थित मलिक प्लाईवुड एंड डेवलोपर्स प्राइवेट लिमिटेड में रविवार देर रात चोरों ने सेंध लगाकर करीब पांच लाख रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया. घटना का पता सोमवार सुबह उस समय चला, जब दुकान संचालक सुमित मलिक प्रतिष्ठान पहुंचे. दुकान के अंदर सामान बिखरा और नकदी समेत अन्य कीमती सामान गायब देखकर उन्होंने पुलिस को सूचना दी. इसके बाद सोमवार सुबह डीएसपी विधि व्यवस्था सुमित कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच शुरू कर दी है.

दरअसल, संचालक के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में रविवार रात करीब 1.20 बजे एक संदिग्ध दुकान के ऊपरी हिस्से में प्रवेश करता दिखाई दे रहा है. उसने पहले ग्रिल का तार काटा और फिर शीशा तोड़कर कार्यालय में घुस गया. इसके बाद फाइल रखने वाली अलमारी को काटकर दस्तावेजों से छेड़छाड़ की. संदिग्ध ने सीसीटीवी कैमरे को बंद करने और उसकी दिशा बदलने का भी प्रयास किया. दुकान से एक लाख रुपये से अधिक नकद, एक लैपटॉप, लक्ष्मी-गणेश की मूर्ति, दीपावली के दौरान जमा किए गए चांदी के सिक्के और एक ग्राम सोने के सिक्के चोरी होने की बात कही गई है. इसके अलावा कुछ महत्वपूर्ण फाइलें और दस्तावेज भी गायब बताए जा रहे हैं.

सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध नजर आ रहे हैं. इनमें एक हेलमेट पहनकर दुकान के अंदर दाखिल हुआ, जबकि दूसरा बाहर स्कूटी लेकर इंतजार करता रहा. वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों स्कूटी से फरार हो गए. संचालक ने शुरुआती तौर पर कुल नुकसान करीब पांच लाख रुपये बताया है. सोमवार को घटनास्थल की जांच करने के बाद जुगसलाई पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर संदिग्धों की पहचान और तलाश शुरू कर दी है. पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

रिपोर्ट- रंजीत कुमार ओझा