Jharkhand

एनआईटी जमशेदपुर के छात्र का शव पांचवें दिन मिला, एनडीआरएफ ने किया बरामद

Rohit Kumar Sr. Correspondent
Rohit Kumar Sr. Correspondent
Copy Editor

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): एनआईटी जमशेदपुर के छात्र मीर हसन ताबीर का शव घटना के पांचवे दिन गुरुवार को मिला. जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र दोमुहानी स्थित खरकई नदी से शव एनडीआरएफ की टीम ने बरामद किया. परिजनों ने मौके पर पहुंच शव की पहचान की, इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. शव देखते ही परिजनों में चीख पुकार मच गई. कॉलेज के अन्य छात्रों की आंखें भी नम थी. पोस्टमार्टम के बाद परिजन उसका शव पश्चिम बंगाल ले जाएंगे. वहीं, शव को सुपुर्द ए खाक किया जाएगा. 
मीर हसन ताबीर पिछले रविवार को सरायकेला जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र स्थित असंगी चेकडैम में डूब गया था. वह अपने 2 साथियों के साथ कॉलेज के पीछे ही स्थित चेकडैम में नहाने गया था. नहाने के दौरान वह गहरे पानी में चला गया था. नदी का बहाव होने के कारण शव बहकर दोमुहानी पहुंच गया. पिछले 5 दिनों से एनडीआरएफ की टीम नदी में उसकी तलाश कर रही थी. पांचवे दिन गुरुवार को उसका शव मिला. 

मीर हसन ताबीर पश्चिम बंगाल के बर्दमान का रहने वाला था. वह एनआईटी जमशेदपुर में बीटेक फोर्थ ईयर का छात्र था. जानकारी हो कि घटना के बाद कॉलेज के छात्रों ने जमकर हंगामा किया था. कॉलेज के पास सड़क को जाम कर छात्रों ने प्रदर्शन किया रहा. छात्र घटना का कारण कॉलेज प्रबंधन की लापरवाही बता हंगामा कर रहे थे. छात्रों ने प्रशासन के खिलाफ भी नारेबाजी की थी. छात्रों का कहना था कि चेकडैम में लगातार घटनाओं के बाद भी प्रशासन द्वारा चेतावनी बोर्ड नहीं लगाया गया है.