Jharkhand

जमशेदपुर: आसंगी चेकडैम और नदी में डूबे 3 युवकों का अब तक नहीं मिला शव, रेस्क्यू जारी

Rohit Kumar Sr. Correspondent
Rohit Kumar Sr. Correspondent
Copy Editor

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): बारिश के कारण कोल्हान के जलाशय लबालब है. डैम और नदियों में पानी बढ़ने से हादसे भी बढ़ गए है. रविवार को कोल्हान में 3 युवक पानी में डूब गए. करीब 24 घंटे बीतने के बाद भी तीनों युवकों का शव बरामद नहीं हो पाया है. आशंका जताई जा रही है कि तेज बहाव में तीनों युवक कहीं बह गए. एनडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की मदद से पुलिस तीनों की तलाश डैम और नदी में कर रही है. लेकिन अब तक कोई सफलता नहीं मिली है. तीनों युवकों के परिजन नदी और डैम किनारे पहुंचे हुए हैं. सरायकेला खरसांवा जिले के आसंगी चेकडैम में 2 युवक और पूर्वी सिंहभूम जिले के पहाड़भांगा स्थित नदी एक युवक रविवार को डूब गया था. रविवार को भी तीनों की तलाश की गई थी लेकिन अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू को रोक दिया गया था. सोमवार सुबह से फिर रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है. 

आसंगी डैम एनडीआरएफ उतरी

सरायकेला खरसांवा जिले के गम्हरिया स्थित आसंगी चेकडैम  में नहाने पहुंचे 2 युवक डूब गए थे. दोनों युवक मिरुडीह निवासी शुभम शर्मा और बनतानगर निवासी सोनू लोहार बाइक से चेकडैम पहुंचे थे. नहाने के दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए. सोमवार को दोनों की तलाश के लिए एनडीआरएफ की टीम को डैम में उतारा गया. टीम दोनों के शव को तलाश कर रही है. इधर, पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका के पहाड़भांगा स्थित नदी में टेल्को के आजादबस्ती का युवक राजू सिंह डूब गया था. वह अपने 5 दोस्तों के साथ नदी में नहाने पहुंचा था. इसी क्रम में वह गहरे पानी में चला गया. वहीं, उसका एक साथी मुकेश किसी तरह बचा. पुलिस स्थानीय गोताखोरों की मदद से राजू सिंह की तलाश नदी में कर रही है. इन घटनाओं से तीनों युवकों के परिवार में शोक को लहर है.