जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बारीडीह नदी घाट से एक हादसे की खबर सामने आई है. मछली पकड़ने गए तीन युवकों की नाव अचानक नदी में पलट गई. नाव पलटते ही तीनों युवक तेज बहाव में बहने लगे. इनमें से एक युवक किसी तरह तैरकर नदी से बाहर निकल आया, जबकि दो युवक लापता हो गए.
लापता युवकों की पहचान बारीडीह मीरा पथ निवासी अमित और बिट्टू के रूप में हुई है. हादसे की जानकारी मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलने के बाद सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों की तलाश शुरू कर दी गई.
रोजाना मछली पकड़ने जाते थे युवक
बताया जा रहा है कि तीनों युवक अक्सर इसी तरह नाव से नदी में मछली पकड़ने जाते थे. तीनों मछली पकड़ने के लिए नदी में गए थे. इसी दौरान अचानक उनकी नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई. नाव के पलटते ही तीनों युवक नदी की तेज धार में बहने लगे.
एक युवक ने किसी तरह तैरकर अपनी जान बचा ली और नदी से बाहर निकल आया. वहीं अमित और बिट्टू तेज बहाव की चपेट में आने के बाद लापता हो गए. हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई.
तेज बहाव के कारण रेस्क्यू में परेशानी
पुलिस और राहत टीम दोनों लापता युवकों की तलाश में जुटी हुई है. हालांकि नदी में तेज बहाव होने के कारण रेस्क्यू टीम को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है. नदी के आसपास के इलाकों में भी युवकों की तलाश की जा रही है.
पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है और लापता युवकों के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है. फिलहाल दोनों युवकों के सुरक्षित मिलने को लेकर रेस्क्यू अभियान जारी है.
रिपोर्ट- रंजीत कुमार ओझा