जमशेदपुर(JAMSHEDPUR): भाजपा ने 'लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ' अभियान के तहत गुरुवार को विशाल पदयात्रा निकाली. इस पदयात्रा में भाजपा के कई बड़े नेता शामिल हुए. केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, सांसद, विधायक और जदयू के विधायक समेत हजारों कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया.
साकची से नगर निगम कार्यालय तक निकली पदयात्रा
पदयात्रा की शुरुआत साकची स्थित आम बगान से हुई, जो जमशेदपुर नगर निगम कार्यालय तक पहुंची. इस दौरान भाजपा के नेता और कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा और पार्टी का झंडा लेकर चल रहे थे. कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस और विपक्षी दलों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. पूरे रास्ते 'मोदी जी कहीं नहीं जाएंगे' जैसे नारे सुनाई दिए.
कांग्रेस पर लोकतंत्र कमजोर करने का आरोप
पदयात्रा में शामिल भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर देश में अराजकता फैलाने और लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप लगाया. नेताओं का कहना था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार आगे बढ़ रहा है और दुनिया में भारत की पहचान मजबूत हुई है. इसी वजह से विपक्षी दलों में बेचैनी है. भाजपा नेताओं ने कहा कि विपक्ष चाहे जितनी कोशिश कर ले, प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व को कमजोर नहीं कर पाएगा.
संजय सेठ ने राहुल गांधी को दी बहस की चुनौती
इस दौरान केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा. उन्होंने राहुल गांधी को खुली बहस की चुनौती देते हुए कहा कि वे समय और जगह तय करें. संजय सेठ ने कहा कि वह खुद वहां पहुंचकर राहुल गांधी के साथ पांच मिनट की बहस करने को तैयार हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि इस बहस से जनता को पता चल जाएगा कि राहुल गांधी किन मुद्दों पर और किस तरह देश विरोधी ताकतों का समर्थन करते हैं.
पदयात्रा के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर पार्टी की विचारधारा और केंद्र सरकार के समर्थन में नारे लगाए.
रिपोर्ट- रंजीत ओझा