Jharkhand

नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय में प्लेसमेंट सत्र 2026 में अबतक 500 से अधिक छात्रों को मिला रोजगार

Rohit Kumar Sr. Correspondent
Copy Editor
नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय में प्लेसमेंट सत्र 2026 में अबतक 500 से अधिक छात्रों को मिला रोजगार

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय के प्लेसमेंट सेल द्वारा हाल ही में विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों के साथ कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव का सफल आयोजन किया गया. इस प्लेसमेंट ड्राइव में टेक्नोलॉजी, इंजीनियरिंग, फाइनेंस, मार्केटिंग, डेटा मैनेजमेंट एवं बिजनेस डेवलपमेंट जैसे विभिन्न क्षेत्रों की नामी कंपनियों ने भाग लिया.विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर प्राप्त किए. विश्वविद्यालय के प्लेसमेंट सेल के निदेशक मोहित कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि इस प्लेसमेंट ड्राइव में देश की कई प्रतिष्ठित कंपनियों ने विद्यार्थियों का चयन किया. उन्होंने कहा कि चयन प्रक्रिया में लिखित परीक्षा, तकनीकी साक्षात्कार, समूह चर्चा एवं एचआर इंटरव्यू जैसी विभिन्न चरणों को शामिल किया गया था. उन्होंने विद्यार्थियों को उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने के लिए विश्वविद्यालय द्वारा किए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी दी.

इन छात्रों का हुआ प्लेसमेंट
इस प्लेसमेंट ड्राइव में डालमियाया सीमेंट प्राइवेट लिमिटेड ने एमबीए विभाग के दो छात्रों का चयन मार्केटिंग मैनेजर पद के लिए किया, जिनका वार्षिक पैकेज 6 लाख रुपये निर्धारित किया गया. वहीं फोर्स मोटर्स लिमिटेड, पुणे द्वारा डिप्लोमा इंजीनियरिंग ट्रेनी पद के लिए 18 छात्रों का चयन किया गया, जिनका वार्षिक पैकेज 4 लाख रुपये है. इसी प्रकार एलीएशंस प्राइवेट लिमिटेड, पुणे ने सीएई प्रोजेक्ट इंजीनियर पद के लिए छात्रों का चयन किया, जिनका वार्षिक पैकेज 5.5 लाख रुपये निर्धारित किया गया. ईवाई प्राइवेट लिमिटेड द्वारा फाइनेंशियल ट्रेनी इंजीनियर पद पर 10 छात्रों का चयन किया गया, जिनका वार्षिक पैकेज 4 लाख रुपये है. इसके अलावा डेलॉयट कंपनी ने एसोसिएट एनालिस्ट पद के लिए दो छात्रों का चयन किया, जिनका वार्षिक पैकेज 4 लाख रुपये है. टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) ने सॉफ्टवेयर डेवलपर पद के लिए 10 छात्रों को चयनित किया, जिनका वार्षिक पैकेज 4 लाख रुपये निर्धारित किया गया. वहीं एयरटेल द्वारा टेलीकॉम इंजीनियर पद के लिए छात्रों का चयन किया गया, जिनका पैकेज 3 लाख रुपये प्रतिवर्ष है.

70 से अधिक छात्रों का चयन
प्लेसमेंट सेल के निदेशक मोहित कुमार ने बताया कि हाल ही में आयोजित इन प्लेसमेंट ड्राइव्स में 70 से अधिक छात्रों का चयन विभिन्न कंपनियों में हुआ है तथा कई छात्रों की चयन प्रक्रिया अभी भी जारी है. उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान प्लेसमेंट सत्र के दौरान 500 से अधिक छात्रों को विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार प्राप्त हुआ है. यह विश्वविद्यालय के लिए गर्व की बात है और आने वाले समय में यह संख्या और बढ़ने की संभावना है. विश्वविद्यालय के कुलाधिपति  मदन मोहन सिंह ने चयनित छात्रों को बधाई देते हुए कहा नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय सदैव छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध रहा है. छात्रों की यह सफलता विश्वविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण एवं शिक्षकों के समर्पण का परिणाम है. हमें विश्वास है कि हमारे छात्र देश और समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे. विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) प्रभात कुमार पानी ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में केवल डिग्री ही नहीं, बल्कि कौशल विकास भी अत्यंत आवश्यक है. विश्वविद्यालय द्वारा लगातार इंडस्ट्री-ओरिएंटेड ट्रेनिंग, वर्कशॉप एवं प्लेसमेंट गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है, जिससे छात्रों को बेहतर अवसर प्राप्त हो रहे हैं.