जमशेदपुर(JAMAHEDPUR):शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नए आयाम स्थापित कर रही जमशेदपुर की प्रतिष्ठित संस्था नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी ने इस शैक्षणिक सत्र से 5 वर्षीय बीए-एलएलबी (BA-LLB) कोर्स शुरू करने की घोषणा की है. विश्वविद्यालय प्रबंधन के अनुसार, इसी साल से इस कोर्स की शुरुआत की जा रही है.इसके लिए 60 सीटों पर नामांकन प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है. कानून के क्षेत्र में करियर बनाने की इच्छा रखने वाले झारखंड और आसपास के राज्यों के छात्रों के लिए अब जमशेदपुर में ही बेहतर कानूनी शिक्षा हासिल करने का सुनहरा अवसर होगा.
2022 में मिल गई थी एलएलएम (LLM) की पढ़ाई के लिए भी मंजूरी
यूनिवर्सिटी के लॉ विभाग का रिकॉर्ड पहले से ही काफी अच्छा रहा है. यहां एलएलबी (LLB) और बीबीए-एलएलबी (BBA-LLB) की पढ़ाई वर्ष 2019 से सफलतापूर्वक कराई जा रही है. इसके बाद विभाग के अच्छे प्रदर्शन को देखते हुए वर्ष 2022 में एलएलएम (LLM) की पढ़ाई के लिए भी मंजूरी मिल गई थी.अब एलएलबी, बीबीए-एलएलबी और एलएलएम की सफलता के बाद यूनिवर्सिटी इसी सत्र से बीए-एलएलबी की भी शुरुआत कर रही है.
पढ़िये विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मदन मोहन सिंह ने क्या कहा
विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मदन मोहन सिंह ने कहा, "कानून की पढ़ाई शुरू करना हमारे विश्वविद्यालय के लिए बड़ी उपलब्धि है. हमारा उद्देश्य हमेशा से छात्रों को बेहतर शिक्षा और बेहतर करियर के अवसर देना रहा है. इस नए कोर्स के जरिए हम ऐसे योग्य और संवेदनशील कानूनी विशेषज्ञ तैयार करेंगे, जो समाज और न्याय व्यवस्था को मजबूत बनाने में अपनी अहम
भूमिका निभा सकें.
बीए-एलएलबी कोर्स के लिए अनुभवी फैकल्टी की टीम मौजुद
वहीं, कुलपति डॉ. प्रभात कुमार पाणी ने कहा, "बीए-एलएलबी कोर्स के लिए हमारे पास अनुभवी फैकल्टी की टीम है, जो छात्रों को सिर्फ किताबों का ज्ञान ही नहीं, बल्कि व्यावहारिक जानकारी भी देगी.यूनिवर्सिटी का प्रत्येक फैकल्टी सदस्य इस दिशा में लगातार काम कर रहा है, ताकि हर छात्र को करियर के बेहतर अवसर मिल सकें.हमारा लक्ष्य छात्रों को बेहतरीन शिक्षा देकर उनके भविष्य को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है.
मूट कोर्ट और समृद्ध लाइब्रेरी जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध
विश्वविद्यालय प्रबंधन ने बताया कि बीए-एलएलबी कोर्स के लिए आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया गया है.इसमें मूट कोर्ट और समृद्ध लाइब्रेरी जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं, ताकि छात्रों को कोर्ट की कार्यप्रणाली का व्यावहारिक अनुभव मिल सके. सीटें सीमित हैं, इसलिए इच्छुक छात्र विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट या पोखारी स्थित कैंपस में जाकर अपना नामांकन करा सकते हैं और अपने करियर को नई उड़ान दे सकते है.
