जमशेदपुर (JAMSHEDPUR):जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित डीडी बार में हुए बहुचर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड में रोजाना आरोपियों के आत्मसमर्पण का सिलसिला जारी है. एक तरफ जहां मुख्य आरोपी ने आत्मसमर्पण किया, वहीं अब लगातार पुलिस का शिकंजा कसते ही आरोपी खुद थाने पहुंचकर सरेंडर कर रहे है. राहुल दुबे के सरेंडर के बाद फिर नामजद में एक और आरोपी राघवेंद्र ने बिष्टुपुर थाने में आत्मसमर्पण किया है. आपको बता दें कि उसका नाम भी आरोपियों में शामिल था.पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
अब तक तीन आरोपी कर चुके है सरेंडर
आपको बता दें कि 27 जून की देर रात बिष्टुपुर स्थित डीडी बार में करणी सेना के नेता हिमांशु सिंह की बेरहमी से पिटाई की गई थी. जहां पुलिस के सामने ही पीसीआर वैन से उतार कर चापड़ से कई हमले किए गए थे. जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. इस घटना के बाद पुलिस की कार्यशैली पर कई सवाल खड़े हुए थे. पुलिस के खिलाफ लोगों का गुस्सा भी फूट पड़ा था. मामले की गंभीरता को देखते हुए कई पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया था, वहीं डीडी बार को भी सील कर दिया गया था. आपको बता दें कि डीडी बार के संचालक नीरज सिंह को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है.जांच के दौरान मामले के मुख्य आरोपी, दो लाख के इनामी विश्वनाथ मंडल उर्फ यूपी बोधरा उर्फ नेपाली ने भी आत्मसमर्पण किया था, जिसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. इसके बाद राहुल दुबे ने भी बिष्टुपुर थाने में आत्मसमर्पण किया था.
चार्टशीट तैयार करने में लगी हुई है पुलिस
तीन आरोपियों के आत्मसमर्पण के बाद अब पुलिस चार्जशीट तैयार करने और सबूतों को अंतिम रूप देने में जुटी हुई है.हालांकि, इस मामले को लेकर अब भी राजनीतिक बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है. हिमांशु सिंह के परिजनों के साथ-साथ करणी सेना के सदस्यों ने भी मोर्चा खोल रखा है.एक तरफ इस मामले को जल्द सुलझाने का पुलिस पर दबाव है, वहीं दूसरी तरफ पुलिस आरोपियों पर लगातार शिकंजा कस रही है, जिसके चलते अब आरोपी खुद थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर रहे है.
