टीएनपी डेस्क (TNP DESK):27 जून को बिष्टुपुर स्थित DD बार एंड रेस्टोरेंट में हुए हिमांशु सिंह हत्याकांड को लेकर शुक्रवार को जमशेदपुर बंद का ऐलान किया गया था, जिसका व्यापक असर आज देखने को मिला.सरायकेला के आदित्यपुर के साथ-साथ पूरे जमशेदपुर में बंद का असर दिखाई दिया. अलग-अलग जगहों पर भाजपा नेताओं ने जाकर दुकानों को बंद कराया. वहीं दूसरी ओर, एक बार फिर हिमांशु सिंह के पिता अरविंद सिंह का टीएमएच अस्पताल के खिलाफ गुस्सा फूट पड़ा. शुक्रवार को वह अपने कुछ समर्थकों के साथ अस्पताल परिसर पहुंचे और जमकर हंगामा किया.
पढ़िए क्या है हिमांशु सिंह के पिता का आरोप
हिमांशु सिंह के पिता अरविंद सिंह का कहना है कि उनके बेटे के शव को टीएमएच अस्पताल ने आखिर प्रशासन को कैसे सौंप दिया, जबकि परिवार ने इसकी अनुमति ही नहीं दी थी. दरअसल, हिमांशु सिंह हत्याकांड के बाद परिजनों और समर्थकों की ओर से काफी विरोध-प्रदर्शन किया गया था. परिजनों ने मांग की थी कि जब तक उनकी पत्नी को सरकारी नौकरी नहीं दी जाती और हत्याकांड के मुख्य आरोपी का एनकाउंटर नहीं किया जाता, तब तक शव का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा.
बिना अनुमति के पोस्टमार्टम कैसे हुआ ?
लेकिन बढ़ते हंगामे को देखते हुए जमशेदपुर के डीसी ने पोस्टमार्टम कराने का निर्देश दे दिया था, जिसके बाद हिमांशु सिंह का पोस्टमार्टम कर दिया गया.इसके एक दिन बाद भी परिजनों ने इस मुद्दे पर जमकर हंगामा किया था. उनका कहना था कि जब परिवार ने पोस्टमार्टम कराने से मना किया था, तो फिर प्रशासन ने बिना अनुमति के पोस्टमार्टम कैसे करा दिया.
टीएमएच प्रबंधन की ओर से उन्हें समझा-बुझाकर शांत कराया गया
इसी बात को लेकर आज एक बार फिर हिमांशु सिंह के पिता टीएमएच अस्पताल पहुंचे और जमकर हंगामा किया. हालांकि, टीएमएच प्रबंधन की ओर से उन्हें समझा-बुझाकर शांत कराया गया, जिसके बाद वह अपने घर लौट गए.
