जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): शहर के गोलमुरी थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं. गुरुवार को गोलमुरी केनरा बैंक में करोड़ों रुपये की डकैती के बाद शुक्रवार को उसी इलाके में ज्वेलरी दुकान में चोरी की घटना सामने आई है. गोलमुरी बाजार के बीच स्थित आरती ज्वेलरी को चोरों ने निशाना बनाया. बताया जा रहा है कि देर रात चोर दुकान का वेंटिलेटर तोड़कर अंदर दाखिल हुए और सोने-चांदी के आभूषणों के साथ नकदी लेकर फरार हो गए. दुकानदार के अनुसार, चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब चार लाख रुपये है. लगातार दो दिनों में एक ही थाना क्षेत्र में हुई बड़ी वारदातों से स्थानीय कारोबारियों में चिंता बढ़ गई है.
दुकानदार जगत जीवन राज ने बताया कि उनकी दुकान में सोने-चांदी के आभूषणों की रिपेयरिंग का काम किया जाता है. गुरुवार देर रात चोरों ने दुकान के वेंटिलेटर को तोड़ा और उसी रास्ते अंदर घुस गए. इसके बाद दुकान में रखे गहने और नकदी लेकर मौके से फरार हो गए. शुक्रवार सुबह जब दुकानदार दुकान खोलने पहुंचे तो उन्हें चोरी की जानकारी हुई. दुकान के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और वेंटिलेटर टूटा हुआ था. घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने तत्काल गोलमुरी थाना पुलिस को सूचना दी. पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया.
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि चोरों की पहचान की जा सके. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात में कितने लोग शामिल थे और चोरी के बाद वे किस रास्ते से फरार हुए. पुलिस आसपास के इलाकों में भी संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है. गौरतलब है कि केनरा बैंक में हुई बड़ी डकैती के महज एक दिन बाद ज्वेलरी दुकान में चोरी की घटना सामने आई है. लगातार दो दिनों में हुई वारदातों को लेकर स्थानीय दुकानदार और कारोबारी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंतित हैं. पुलिस का कहना है कि मामले में अहम सुराग जुटाए जा रहे हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है.
रिपोर्ट- रंजीत कुमार ओझा
