जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र से पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है. आरोप है कि कांदरबेड़ा पुनर्वास कॉलोनी की रहने वाली एक आदिवासी युवती को पूछताछ के नाम पर थाने बुलाकर उसके साथ मारपीट की गई. घटना को लेकर स्थानीय लोगों और आदिवासी समाज में भारी नाराजगी देखी जा रही है.
जानकारी के अनुसार, अल्पना माहली नामक युवती को 15 जून को कपाली ओपी से फोन कर पूछताछ के लिए बुलाया गया था. बताया जा रहा है कि उसकी एक परिचित युवती कुछ दिनों से लापता थी और उसी मामले में जानकारी लेने के लिए पुलिस ने उसे थाने आने को कहा था. आरोप है कि थाने पहुंचने के बाद उसे ओपी प्रभारी के कक्ष में ले जाया गया, जहां पूछताछ के दौरान उसके साथ दुर्व्यवहार और मारपीट की गई.
सोशल मीडिया पर विजय सोय नामक व्यक्ति द्वारा साझा की गई जानकारी में दावा किया गया है कि युवती को कई घंटों तक थाने में रोके रखा गया और उसके साथ शारीरिक प्रताड़ना की गई. पोस्ट में यह भी आरोप लगाया गया है कि इस दौरान अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद थे और युवती के साथ मारपीट की गई, जिससे उसके शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं.
घटना के बाद स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है. उनका कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए. वहीं पीड़िता के परिजनों ने जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से मामले में हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने की गुहार लगाई है.
हालांकि, इस मामले में पुलिस प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. आरोपों की सत्यता की पुष्टि फिलहाल स्वतंत्र रूप से नहीं हो सकी है. मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और लोग जांच के निष्कर्ष का इंतजार कर रहे हैं.
