☰
Jharkhand

जमशेदपुर में दिनदहाड़े लाखों की चोरी, मानगो की चूना शाह कॉलोनी में घर से 12-13 लाख के जेवरात गायब

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

जमशेदपुर(JAMSHEDPUR): झारखंड के अलग-अलग जिलों में चोरों के दहशत से इलाके में सनसनी फैला दी है. ऐसा ही मामला जमशेदपुर से आया है जहां के मानगो के उलीडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत चूना शाह कॉलोनी में दिनदहाड़े एक घर को निशाना बनाकर लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया है.   पीड़ित परिवार के अनुसार चोरी गए जेवरात की कीमत करीब 12 से 13 लाख रुपये और नकदी करीब 18 से 20 हजार रुपये बताई जा रही है.

क्या है मामला

बताया जा रहा है कि यह घर नौशाद हुसैन का है.  घटना के समय उनकी पत्नी जीनत अपनी बेटी के साथ नकाब और खरीदारी देखने के लिए ओल्ड पुरुलिया रोड गई हुई थीं और घर के मुख्य दरवाजे पर ताला लगा हुआ था, वही पास ही सास भी रहती हैं, लेकिन उस समय वे नमाज पढ़ रही थीं, सीसीटीवी फुटेज में करीब 4 बजे या उससे थोड़ा पहले एक संदिग्ध व्यक्ति के घर में दाखिल होने की बात सामने आई है.

दो अलमारियों से जेवरात और नकदी गायब

जीनत जब अपनी बेटी के साथ घर लौटीं, तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए. घर का सामान बिखरा पड़ा था और दोनों अलमारियों से जेवरात व नकदी गायब थे. हैरानी की बात यह रही कि चोर घर में रखा एक मोबाइल फोन वहीं छोड़ गया.

पीड़िता के अनुसार, उनकी अलमारी से करीब 7 से 8 लाख रुपये के जेवर चोरी हुए हैं. इनमें गले का हार, झुमके, कान के गहने, मांग टीका, अंगूठी और चेन-लॉकेट शामिल हैं. वहीं, उनकी बेटी के करीब 6 लाख रुपये के सोने के आभूषण भी चोर ले गए. इसके अलावा अलमारी में रखे 18 से 20 हजार रुपये नकद भी गायब हैं.

पुलिस जांच में जुटी, आरोपी की तलाश जारी

घटना की जानकारी मिलते ही उलीडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान करने में जुटी है. इधर, पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द चोरी का खुलासा करने, आरोपी को गिरफ्तार करने और चोरी हुए जेवरात व नकदी बरामद करने की मांग की है.

रिपोर्ट- रंजीत कुमार ओझा