जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): शहर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित चलती स्कूली आटो में लगी आग, और देखते देखते स्कूली ऑटो आग के गोले में तब्दील हो गई. समय रहते चालक ने ऑटो रोक स्कूली बच्चों को सकुशल ऑटो से बाहर निकाला, जिससे एक बड़ा हादसा होते होते टल गया. बताया जा रहा है कि जुगसलाई से स्कूली ऑटो बच्चों को लेकर बिष्टुपुर स्कूल जा रही थी, इसी दौरान ऑटो में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई, घटना के बाद बिष्टुपुर गोचक्कर पर अफरा तफरी का माहौल देखने को मिला. आनन फानन में ऑटो से सभी बच्चों को निकाला गया. इधर, सूचना मिलते ही दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और कड़ी मशकत के बाद आग पर काबू पाया गया.
जुगसलाई से बच्चों को लेकर बिष्टुपुर जा रही थी ऑटो
जानकारी के मुताबिक, स्कूली ऑटो जुगसलाई से बच्चों को लेकर बिष्टुपुर स्थित स्कूल जा रही थी. इसी दौरान बिष्टुपुर गोचक्कर के पास अचानक ऑटो में आग लग गई. बताया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी. ऑटो से धुआं और आग की लपटें उठती देख चालक ने तुरंत वाहन रोक दिया. इसके बाद बिना देर किए उसने ऑटो में बैठे सभी बच्चों को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाला.
देखते ही देखते आग के गोले में बदली ऑटो
बच्चों को बाहर निकालने के कुछ ही देर बाद आग ने विकराल रूप ले लिया. देखते ही देखते पूरी ऑटो जलने लगी. सड़क पर वाहन को आग की लपटों से घिरा देख आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई. बिष्टुपुर गोचक्कर के पास कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. स्थानीय लोगों ने भी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की.
दमकल की टीम ने आग पर पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की एक गाड़ी मौके पर पहुंची. अग्निशमन कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. हालांकि, तब तक ऑटो काफी हद तक जल चुकी थी. समय रहते बच्चों को बाहर निकाल लिए जाने से एक बड़ा हादसा टल गया. घटना के बाद स्कूली वाहनों की सुरक्षा और उनकी तकनीकी जांच को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं.
रिपोर्ट- रंजीत कुमार ओझा
