☰
Jharkhand

जमशेदपुर में गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर भव्य नगर कीर्तन, सोनारी से साकची तक उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर में सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव जी की 557वीं जयंती प्रकाश पर्व पर भव्य नगर कीर्तन निकाला गया. सोनारी गुरुद्वारा से निकले नगर कीर्तन में सभी धर्म-संप्रदाय के लोग बड़े उत्साहपूर्वक भाग लिया. सोनारी गुरुद्वारा से शुरू हुआ नगर कीर्तन विभिन्न मार्गों से होते हुए साकची गुरुद्वारा तक पहुंचा. इसमें सिख समुदाय के साथ-साथ दूसरे धर्मों के लोगों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. पूरे रास्ते सतनाम वाहेगुरु के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा.

नगर कीर्तन में शामिल हुए सांसद और विधायक

नगर कीर्तन में जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो, जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय, पूर्व विधायक एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता कुणाल सारंगी समेत कई गणमान्य लोग शामिल हुए. नगर कीर्तन के दौरान श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था. जगह-जगह लोगों ने श्रद्धालुओं के स्वागत और सेवा के लिए स्टॉल लगाए थे. इन स्टॉलों पर फल, शरबत और अन्य खाद्य सामग्रियों का वितरण किया गया. सेवा और समर्पण की भावना के साथ लोगों ने नगर कीर्तन में शामिल संगत का स्वागत किया.

समानता और अच्छे कर्मों का संदेश

इस अवसर पर केंद्रीय गुरुद्वारा प्रबंधन समिति, जमशेदपुर के प्रधान सरदार भगवान सिंह ने कहा कि गुरु नानक देव जी का प्रकाश केवल शरीर के रूप में नहीं, बल्कि ज्ञान की ज्योति के रूप में हुआ था. उन्होंने समाज को कर्मकांड और भेदभाव से ऊपर उठकर एकजुट रहने का संदेश दिया. गुरु नानक देव जी ने अमीर-गरीब और जातिगत भेदभाव को नकारते हुए सभी मनुष्यों को समान बताया. उनका संदेश किसी एक धर्म या समुदाय तक सीमित नहीं था, बल्कि पूरी मानवता के लिए था.

वहीं, विधायक सरयू राय ने कहा कि जब समाज में कुरीतियां और अधर्म बढ़ता है, तब संत समाज को सही दिशा दिखाने के लिए आगे आते हैं. गुरु नानक देव जी ने भी सभी को मिल-जुलकर चलने और एकता बनाए रखने का संदेश दिया. उन्होंने सिख समुदाय के योगदान को भी याद किया. पूर्व विधायक कुणाल सारंगी ने कहा कि आज कार्तिक पूर्णिमा और गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व एक साथ मनाया जा रहा है. उन्होंने वाहेगुरु से सभी की सुख-समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की. नगर कीर्तन ने एक बार फिर शहर में सेवा, सद्भाव और सामाजिक एकता का संदेश दिया.

रिपोर्ट- लाला जबीन