☰
Jharkhand

झारखंड स्थापना दिवस पर जमशेदपुर में निकली स्वच्छता दौड़, विधायकों ने दिया स्वच्छता का संदेश

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): झारखंड के 26वें स्थापना दिवस और धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर रविवार को पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन की ओर से स्वच्छता दौड़ का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम के जरिए लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने और अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने का संदेश दिया गया.

महाराणा प्रताप चौक से स्वर्णरेखा घाट तक निकली दौड़

स्वच्छता दौड़ की शुरुआत महाराणा प्रताप चौक से हुई, जो स्वर्णरेखा नदी घाट पर पहुंचकर संपन्न हुई. यहां सभी प्रतिभागियों ने स्वच्छता की शपथ ली और अपने घर, मोहल्ले तथा आसपास के क्षेत्रों को साफ-सुथरा रखने का संकल्प लिया. कार्यक्रम में जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा दास साहू, जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय, जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया.

पूर्णिमा दास साहू ने नागरिकों की भागीदारी पर दिया जोर

इस मौके पर विधायक पूर्णिमा दास साहू ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का भी कर्तव्य है. लोगों को अपने घर के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों को भी स्वच्छ रखने की आदत अपनानी चाहिए. उन्होंने जिलेवासियों को झारखंड स्थापना दिवस और भगवान बिरसा मुंडा की जयंती की शुभकामनाएं भी दीं.

सरयू राय बोले- रोजाना करना होगा सामूहिक प्रयास

वहीं विधायक सरयू राय ने कहा कि झारखंड के 26 वर्ष पूरे होने पर राज्य की उपलब्धियों और बुनियादी सुविधाओं की स्थिति पर आत्ममंथन करना जरूरी है. केवल विशेष अवसरों पर सफाई अभियान चलाने और स्वच्छता की शपथ लेने से लक्ष्य हासिल नहीं होगा. इसके लिए प्रत्येक दिन सामूहिक प्रयास करने की जरूरत है.

छठ घाटों की सफाई पर भी विशेष ध्यान देने की अपील

उपायुक्त राजीव रंजन ने जिलेवासियों को स्थापना दिवस और भगवान बिरसा मुंडा जयंती की बधाई दी. उन्होंने छठ महापर्व को देखते हुए घाटों और आसपास के क्षेत्रों में विशेष साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की. साथ ही शहरवासियों से प्रशासन के स्वच्छता अभियान में सहयोग करने का आग्रह किया. स्वच्छता दौड़ में शामिल स्कूली बच्चों ने भी उत्साह के साथ भाग लेकर स्वच्छ शहर और स्वच्छ झारखंड का संदेश दिया.

रिपोर्ट- रंजीत कुमार ओझा