धनबाद(DHANBAD): सदर अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में बुधवार को कई महत्वपूर्ण सुविधाओं की शुरुआत की गई. धनबाद के उपायुक्त आदित्य रंजन ,एस एस पी प्रभात कुमार , उप विकास आयुक्त सनी राज ने संयुक्त रूप से मॉड्यूलर आयुष्मान वार्ड, पार्किंग शेड और राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के विशेष जांच शिविर का उद्घाटन किया। इसके बाद अधिकारियों ने अस्पताल के रजिस्ट्रेशन काउंटर समेत अन्य व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। उपायुक्त ने कहा कि पिछले एक साल में सदर अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधाओं में काफी सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि मरीजों की संतुष्टि ही अस्पताल के डॉक्टरों और कर्मचारियों की सेवा भावना का सबसे बड़ा प्रमाण है.
11 से 22 अगस्त तक चलेगा विशेष कैंप
उपायुक्त ने बताया कि 11 से 22 अगस्त तक 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए विशेष आरबीएसके जांच शिविर लगाया जा रहा है। इस दौरान जन्मजात बीमारी, हृदय रोग, आंख, कान, हाथ-पैर और दांत से जुड़ी समस्याओं वाले बच्चों की जांच की जाएगी। जरूरत पड़ने पर उनका इलाज और सर्जरी पूरी तरह मुफ्त कराई जाएगी।आरबीएसके की टीम ने पिछले तीन-चार महीनों में स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों में करीब 700 बच्चों की जांच की है। चिन्हित बच्चों का इलाज चरणबद्ध तरीके से कराया जाएगा।
सॉफ्टवेयर से बच्चों के इलाज की होगी निगरानी
प्रशासन की कोशिश है कि ज्यादा से ज्यादा सर्जरी सदर अस्पताल में ही कराई जाए। हर बच्चे के इलाज की स्थिति पर विशेष सॉफ्टवेयर (GAPs) के जरिए नजर रखी जाएगी। बच्चे के पूरी तरह स्वस्थ होने तक उसकी इलाज संबंधी जानकारी सिस्टम में दर्ज रहेगी।उपायुक्त ने जिले के लोगों से सरकारी अस्पतालों की सुविधाओं पर भरोसा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन सीएचसी, पीएचसी और सदर अस्पताल में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रहा है।
