हजारीबाग (HAZARIBAGH): झारखंड के हजारीबाग जिले में बड़कागांव थाना क्षेत्र स्थित 13 माइल घाटी में HP गैस सिलेंडर लदा एक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया. वाहन में बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर लदे होने के कारण हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. घटना की सूचना मिलते ही NTPC की राहत एवं बचाव टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए बचाव कार्य शुरू किया.
जानकारी के अनुसार, गैस सिलेंडर लदा वाहन हजारीबाग से बड़कागांव-केरेडारी की ओर जा रहा था. इसी दौरान 13 माइल घाटी के पास चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और वाहन सड़क पर पलट गया. गैस सिलेंडर लदे होने के कारण किसी संभावित खतरे को देखते हुए घटनास्थल पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया. NTPC की टीम मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने के साथ सुरक्षा के जरूरी इंतजाम करने में जुट गई.
इस संबंध में बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक सिंह ने बताया कि हादसे में फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. घटना की जानकारी मिलते ही NTPC की राहत एवं बचाव टीम को मौके पर भेजा गया. उन्होंने बताया कि टीम घटनास्थल पर मौजूद है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है.
गौरतलब है कि 13 माइल घाटी बड़कागांव-केरेडारी मार्ग का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है. गैस सिलेंडर लदे वाहन के पलटने की घटना के बाद किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है. फिलहाल राहत एवं बचाव टीम मौके पर मौजूद है और आवश्यक कार्रवाई जारी है.
रिपोर्ट: शशांक शेखर
