Jharkhand

अफ्रीका में नौकरी का सपना दिखाकर लाखों की ठगी, 6 युवकों के पासपोर्ट भी लेकर फरार हुई एजेंसी

Diksha Benipuri
Copy Editor
अफ्रीका में नौकरी का सपना दिखाकर लाखों की ठगी, 6 युवकों के पासपोर्ट भी लेकर फरार हुई एजेंसी

हजारीबाग (HAZARIBAGH): हजारीबाग जिले के चौपारण क्षेत्र में विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर युवकों से ठगी का मामला सामने आया है. आरोप है कि एक कथित एजेंसी ने अफ्रीका में रोजगार दिलाने का भरोसा देकर छह युवकों से लाखों रुपये वसूल लिए और बाद में संपर्क तोड़ दिया. इतना ही नहीं, युवकों के मूल पासपोर्ट भी एजेंसी के पास ही रह गए हैं.

पीड़ित युवक सिंघरावां पंचायत के रहने वाले हैं. उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर उन्हें विदेश में नौकरी से जुड़ा एक विज्ञापन दिखाई दिया था. विज्ञापन में दिए गए नंबर पर संपर्क करने के बाद एजेंसी से जुड़े व्यक्ति ने उन्हें अफ्रीका में पोकलेन मशीन ऑपरेटर की नौकरी का प्रस्ताव दिया. युवकों को बताया गया कि नौकरी मिलने पर उन्हें हर महीने आकर्षक वेतन मिलेगा.

युवकों के अनुसार एजेंसी ने नौकरी की प्रक्रिया पूरी करने के लिए आवेदन, मेडिकल जांच, वीजा और अन्य जरूरी औपचारिकताओं का हवाला देकर प्रत्येक व्यक्ति से करीब 70 हजार रुपये जमा कराए. इसके साथ ही उनके मूल पासपोर्ट भी अपने पास रख लिए गए. एजेंसी ने भरोसा दिलाया था कि कुछ ही दिनों में सभी को विदेश भेज दिया जाएगा.

हालांकि तय समय बीत जाने के बाद भी जब कोई सूचना नहीं मिली तो युवकों को शक हुआ. उन्होंने एजेंसी से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन सभी मोबाइल नंबर बंद मिले. इसके बाद जब वे एजेंसी के बताए गए कार्यालय पहुंचे तो वहां कोई गतिविधि नहीं मिली और कार्यालय बंद पाया गया. तभी उन्हें ठगी का एहसास हुआ.

पीड़ितों का कहना है कि पैसे के नुकसान के अलावा पासपोर्ट न मिलने से उनकी परेशानी और बढ़ गई है. वे दूसरे रोजगार अवसरों के लिए भी आवेदन नहीं कर पा रहे हैं. युवकों ने चौपारण थाना में शिकायत देकर कार्रवाई, पासपोर्ट की वापसी और ठगी गई रकम लौटाने की मांग की है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और लोगों से ऐसे विज्ञापनों पर भरोसा करने से पहले पूरी जांच-पड़ताल करने की अपील की है.