Jharkhand

हैवानियत की हद पार! सड़े आलू को देख भड़का पति, गुस्से में 6 माह के मासूम की पत्थर पर पटक-पटक कर ले ली जान

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

हजारीबाग (HAZARIBAGH): माता-पिता अपने बच्चे की सुरक्षा के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं पर झारखंड के हजारीबाग जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जहां पिता रक्षक की जगह भक्षक बन बैठा है. घरेलू विवाद में पिता ने अपने ही 6 महीने के मासूम की निर्मम हत्या करदी है. मामला कटकमसांडी थाना क्षेत्र के लुपुंग गांव का है जहां एक पिता पर अपने छह माह के मासूम बेटे की हत्या करने का आरोप लगा है. बताया जा रहा है कि घर में सड़ा हुआ आलू फेंकने को लेकर मां और दादी के बीच विवाद चल रहा था. इसी दौरान घर पहुंचे पिता का गुस्सा इतना बढ़ गया कि उसने कथित तौर पर अपने मासूम बेटे को कुएं के पास रखे पत्थर पर पटक दिया. गंभीर रूप से घायल बच्चे की इलाज के दौरान मौत हो गई.

मृतक बच्चे की पहचान अंश कुमार (6 माह) के रूप में हुई है. जानकारी के मुताबिक, अंश की मां निराली देवी और दादी फोटा देवी के बीच घर में सड़ा आलू फेंकने को लेकर कहासुनी हो रही थी. इसी दौरान आकाश कुमार मेहता घर पहुंचा. पत्नी और मां के बीच चल रहे विवाद को देखकर आकाश कथित तौर पर गुस्से में आ गया. आरोप है कि इसी गुस्से में उसने अपने छह माह के बेटे को उठाया और कुएं के पास रखे पत्थर पर पटक दिया. घटना में मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया. इसके बाद परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में बच्चे को इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे. डॉक्टरों ने बच्चे का इलाज शुरू किया, लेकिन उसकी हालत बेहद गंभीर थी. इलाज के दौरान चिकित्सकों ने अंश को मृत घोषित कर दिया. मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया.

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराया और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया. मृतक की मां निराली देवी के बयान पर कटकमसांडी थाना में हत्या का मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने कांड संख्या 135/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है. मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी पिता आकाश कुमार मेहता को गिरफ्तार कर लिया और न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया. कटकमसांडी थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है. पुलिस पूरे मामले से जुड़े तथ्यों और साक्ष्यों को जुटा रही है. जांच के दौरान अगर किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी. मामूली घरेलू विवाद से शुरू हुई इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है. सड़े आलू को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक छह माह के मासूम की जान चली गई. घटना के बाद गांव में भी मातम और सन्नाटा पसरा हुआ है.