☰
Jharkhand

हजारीबाग: बेलगाम हाइवा ने ली बाइक सवार युवक की जान ,मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

हजारीबाग (HAZARIBAGH): जिले में बेलगाम भारी वाहनों का परिचालन एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ है. शनिवार को सियारी स्थित डीएवी स्कूल के समीप हाइवा की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई, वहीं स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला.

जानकारी के अनुसार, बाइक सवार युवक सड़क से गुजर रहा था. इसी दौरान वह एक हाइवा की चपेट में आ गया. दुर्घटना इतनी भीषण थी कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. हादसे की खबर मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए. घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है.

हादसे के बाद स्थानीय लोगों का आक्रोश सड़क पर देखने को मिला. लोगों ने सड़क की निर्धारित नोएंट्री की सीमा और उस पर भारी वाहनों के परिचालन को लेकर सवाल उठाए. उनका कहना है कि इस मार्ग पर कई स्कूल संचालित हैं और दिनभर बच्चों सहित आम लोगों का आवागमन होता है. इसके बावजूद इतनी बड़ी गाड़ियों का इस सड़क से गुजरना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है.

स्थानीय लोगों ने हाइवा के नंबर प्लेट के आधार पर उसकी पहचान करने का प्रयास किया. इस दौरान उमर खालिद नाम सामने आया है. बताया जा रहा है कि संबंधित व्यक्ति का पता कटकमदाग थाना क्षेत्र के पसई का मिला है. इसकी सूचना परिजनों को दे दी गई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि जब तक मृतक के परिजन मौके पर नहीं पहुंचते और उचित मुआवजे को लेकर सहमति नहीं बनती, तब तक शव नहीं उठने दिया जाएगा और सड़क जाम जारी रहेगा.

वहीं, लोगों ने पुलिस की कार्यशैली पर भी नाराजगी जताई. उनका आरोप है कि दुर्घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई, लेकिन काफी देर तक पुलिस घटनास्थल पर नहीं पहुंची.

इस संबंध में कोर्रा थाना प्रभारी नमधारी रजक ने बताया कि घटना की सूचना प्राप्त हुई है. पूरे मामले में आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है. फिलहाल हादसे के बाद इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से भारी वाहनों के परिचालन पर नियंत्रण लगाने और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है.

रिपोर्ट- शशांक शेखर सिंह