☰
Jharkhand

महापर्व : हजारीबाग के झील छठ घाट पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, NDRF की 30 सदस्यीय टीम तैनात, चार बोट से होगी निगरानी

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

हजारीबाग (HAZARIBAGH): लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर हजारीबाग के सबसे बड़े छठ घाट झील परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं. छठ महापर्व के दौरान हजारों की संख्या में छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद किया गया है.  खासकर झील के गहरे पानी में किसी भी संभावित दुर्घटना को रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है.

सुरक्षा व्यवस्था का खास इंतजाम

सुरक्षा व्यवस्था के तहत झील परिसर में एनडीआरएफ  की नाइन्थ(9th) बटालियन की टीम को तैनात किया गया है. इस टीम में लगभग 30 जवान शामिल हैं.  इसके अलावा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने और पानी में किसी भी प्रकार की दुर्घटना के दौरान तत्काल बचाव कार्य करने के लिए झील क्षेत्र में चार बोट भी उपलब्ध कराई गई हैं. वहीं, श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए झील में बैरिकेडिंग की गई है, ताकि लोग निर्धारित सुरक्षित सीमा के भीतर ही रहकर अर्घ्य अर्पित कर सकें.

सतर्कता बरतने की अपील

एनडीआरएफ टीम के इंस्पेक्टर श्रवण प्रमाणिक ने छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है.  उन्होंने कहा कि लोग पूरी आस्था और श्रद्धा के साथ छठ महापर्व मनाएं, लेकिन सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखें.  गहरे पानी में जाने से बचें और निर्धारित सुरक्षित क्षेत्र में ही रहें.  उन्होंने कहा कि किसी भी संभावित दुर्घटना से निपटने के लिए एनडीआरएफ की टीम पूरी तरह मुस्तैद है.  टीम की कोशिश रहेगी कि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो और सभी श्रद्धालु सुरक्षित तरीके से पूजा संपन्न कर सकें.

भगवान सूर्य को अर्घ्य

गौरतलब है कि हजारीबाग का झील परिसर जिले का सबसे बड़ा छठ घाट माना जाता है. यहां प्रत्येक वर्ष हजारों की संख्या में छठ व्रती और श्रद्धालु भगवान सूर्य को अर्घ्य देने पहुंचते हैं. अत्यधिक भीड़ और झील की गहराई को देखते हुए यहां सुरक्षा की विशेष व्यवस्था की जाती है. एनडीआरएफ की तैनाती, चार बोट और बैरिकेडिंग इसी सुरक्षा व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं.

रिपोर्ट- शेखर सिंह