☰
Jharkhand

हजारीबाग में क्रशर का खेल जारी, आखिर किसकी मेहरबानी से चौपारण में 45 क्रशरों का कारोबार

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

हजारीबाग (HAZARIBAGH): झारखंड को खनिज संपदा का गढ़ माना जाता है. ऐसे में अलग अलग जिलों से खनिज का एक्सपोर्ट होता है. ऐसे में हजारीबाग जिले की बात करे तो जिले में पत्थर क्रशर का कारोबार लगातार फैलता जा रहा है. चौपारण में करीब 45 क्रशर संचालित होने की जानकारी है, जबकि टाटीझरिया, बरकट्ठा और पदमा में भी कई इकाइयां चल रही हैं. लेकिन इस कारोबार के बीच सबसे बड़ा सवाल यह है कि कितने क्रशर वैध अनुमति के साथ संचालित हो रहे हैं और कितने पर्यावरणीय नियमों की अनदेखी कर रहे हैं. खासकर नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) के निर्देशों और प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े मानकों के पालन को लेकर जांच जरूरी है.

सितंबर में नौ से अधिक क्रशर किए गए थे सील

जिले में अवैध क्रशरों के खिलाफ सितंबर में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की थी. उपायुक्त हेमंत सती के निर्देश पर सदर, मेरू, सिलवार और पदमा इलाके में छापेमारी की गई थी. इस दौरान नौ से अधिक क्रशर पकड़े गए और उन्हें सील कर दिया गया था. हालांकि, अब सवाल उठ रहा है कि सील किए गए क्रशरों की मौजूदा स्थिति क्या है और बाकी इकाइयों के दस्तावेजों की जांच कब होगी.

NGT के नियमों की निगरानी जरूरी

पत्थर क्रशर संचालन के लिए खनन पट्टा, पर्यावरणीय स्वीकृति और झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद की आवश्यक सहमति जरूरी है. इसके अलावा धूल प्रदूषण रोकने के लिए पानी का छिड़काव, मशीनों को ढकने और ग्रीन बेल्ट विकसित करने जैसे इंतजाम भी होने चाहिए. NGT के पर्यावरण संरक्षण संबंधी निर्देशों के तहत क्रशर इकाइयों में धूल नियंत्रण और प्रदूषण की रोकथाम पर विशेष जोर दिया जाता है. नियमों की अनदेखी से आसपास के गांवों में रहने वाले लोगों के स्वास्थ्य और पर्यावरण पर असर पड़ सकता है.

प्रशासन की निगरानी पर उठ रहे सवाल

क्रशर मशीनों से निकलने वाली धूल और पत्थरों की ढुलाई के दौरान उड़ने वाले कण स्थानीय आबादी के लिए परेशानी बन सकते हैं. ऐसे में केवल कागजों पर अनुमति की जांच पर्याप्त नहीं है, बल्कि जमीन पर प्रदूषण नियंत्रण के इंतजामों का भी निरीक्षण होना चाहिए. चौपारण से लेकर टाटीझरिया, बरकट्ठा और पदमा तक संचालित सभी इकाइयों की निष्पक्ष जांच जरूरी है. जहां नियमों का उल्लंघन मिले, वहां कार्रवाई होनी चाहिए. अब देखना होगा कि प्रशासन की निगरानी छापेमारी और सीलिंग तक सीमित रहती है या NGT के मानकों के पालन को लेकर पूरे जिले में नियमित जांच भी शुरू होती है.