☰
Jharkhand

गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंजा ये इलाका ,कंपनी में चली गोली, गार्ड घायल, राहुल दुबे गैंग ने ली जिम्मेवारी    

Samir Hussain
Samir Hussain
सीनियर रिपोर्टर

हजारीबाग:जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत उरीमारी ओपी क्षेत्र में देर रात हथियारबंद अपराधियों ने सैनिक आउटसोर्सिंग कंपनी के गेट पर तैनात गार्ड पर फायरिंग कर दी. इस घटना में गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे बेहतर इलाज के लिए रांची के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. पुलिस ने घटनास्थल से सात खोखा और चार पर्चे बरामद किए हैं. सभी को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है.

इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट सामने आया है, जिसमें राहुल दुबे गैंग की ओर से गोलीबारी की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है. पोस्ट में प्रकाश शुक्ला नामक व्यक्ति ने लिखा है कि नई बरसा साइडिंग में हुई गोलीबारी की घटना में घायल कर्मचारी की जिम्मेदारी वह लेता है. हालांकि, सोशल मीडिया पर किए गए इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस ने भी पोस्ट की सत्यता और घटना में शामिल लोगों की भूमिका को लेकर जांच की बात कही है.

सोनाराम मांझी और संजय करमाली पर लगाए आरोप

सोशल मीडिया पोस्ट में प्रकाश शुक्ला ने सोनाराम मांझी और संजय करमाली पर आरोप लगाते हुए कहा है कि नई बरसा साइडिंग में कथित रूप से अवैध तरीके से काम कराया जा रहा है. पोस्ट के मुताबिक, बाहरी कंपनियों को ऑक्शन के माध्यम से काम मिलने के बावजूद स्थानीय स्तर पर उन्हें कोयला उठाने और काम करने से रोका जाता है. पोस्ट में इस पूरी व्यवस्था के पीछे सोनाराम मांझी और संजय करमाली की भूमिका होने का आरोप लगाया गया है. इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और संबंधित पक्षों का बयान सामने नहीं आया है.

पोस्ट में दावा किया गया है कि साइडिंग में कुछ चुनिंदा लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए कामकाज प्रभावित किया जा रहा है. प्रकाश शुक्ला ने राज्य सरकार से मामले की जांच कराने की मांग करते हुए लिखा है कि यदि किसी बाहरी कंपनी को काम नहीं करने देना है, तो ऑक्शन की प्रक्रिया कराने के बजाय सीधे काम आवंटित किया जाना चाहिए. उसने दावा किया कि इस तरह की स्थिति पिछले कई वर्षों से बनी हुई है.

मुख्यमंत्री और पुलिस अधिकारियों को किया टैग

प्रकाश शुक्ला ने अपने फेसबुक पोस्ट में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, कल्पना सोरेन, हजारीबाग के उपायुक्त, पुलिस अधिकारियों और हजारीबाग एसपी को टैग करते हुए मामले की जांच की मांग की है. पोस्ट में सोनाराम मांझी और संजय करमाली की भूमिका स्पष्ट करने तथा यह पता लगाने की मांग की गई है कि कथित तौर पर कंपनियों को काम करने से रोकने के पीछे कौन है. इसके साथ ही सियालडीह साइडिंग में भी इसी तरह की गतिविधियों की जांच कराने की मांग की गई है.

पर्चों में अगला निशाना बनाने की धमकी का जिक्र

घटनास्थल से बरामद चार पर्चों में स्पेशल प्रोजेक्ट ऑफिसर के कार्यालय और उनके आवास को अगला निशाना बनाने की बात लिखे होने की जानकारी सामने आई है. इस धमकी के मद्देनजर पुलिस मामले को गंभीरता से ले रही है. हालांकि, पर्चों की सामग्री, उनकी प्रामाणिकता और घटना से उनके संबंध की पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट होगी.

पुलिस ने की घटना की पुष्टि

उरीमारी ओपी प्रभारी रथु उरांव ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि देर रात सैनिक आउटसोर्सिंग कंपनी के मुख्य गेट पर तैनात गार्ड पर फायरिंग की गई, जिसमें वह घायल हो गया. उन्होंने कहा कि घायल गार्ड का इलाज रांची में चल रहा है. थाना प्रभारी के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में राहुल दुबे गैंग से जुड़े तीन अपराधियों की संलिप्तता की बात सामने आई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

सोशल मीडिया पोस्ट के संबंध में थाना प्रभारी ने कहा कि उन्हें पोस्ट की जानकारी नहीं है. उन्होंने स्पष्ट किया कि घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस गोलीबारी के कारणों, आरोपियों की पहचान और बरामद खोखों व पर्चों की जांच में जुटी है.

रिपोर्ट:शेखर सिंह