हजारीबाग: शहर के बंगाली कॉलोनी स्थित गुप्ता परिसर के फ्लैट नंबर 304 में हाई कोर्ट की महिला अधिवक्ता अनुष्का चक्रवर्ती (करीब 28 वर्ष) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. उनका शव फ्लैट में पंखे से लटका मिला. घटना की सूचना मिलने के बाद बड़ा बाजार थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर कब्जे में लिया. इसके बाद शव को शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, हजारीबाग भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जा रही है. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है.
जानकारी के अनुसार, अनुष्का चक्रवर्ती ने करीब तीन वर्ष पहले कुशाग्र रुद्र से प्रेम विवाह किया था. दोनों गुप्ता परिसर के फ्लैट नंबर 304 में साथ रहते थे.बताया जा रहा है कि घटना के बाद पति फ्लैट से गायब है. पुलिस उससे संपर्क करने का प्रयास कर रही है, लेकिन फिलहाल संपर्क नहीं हो पाया है. कुशाग्र रुद्र मूल रूप से व्यवसायी बताया जाता है.घटना के बाद फ्लैट का दरवाजा में डिजिटल लॉक लगा था. जिसे पासवर्ड से लॉक किया गया था. किसी तरह पुलिस ने दरवाजा खोला और इसके बाद जांच में जुटी है.
मृतका के पिता ने अपने दामाद कुशाग्र रुद्र पर बेटी को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि अनुष्का की मौत आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या हो सकती है. उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है.इस घटना के बाद अनुष्का के माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है. वे अपनी बेटी की मौत को लेकर न्याय की गुहार लगा रहे हैं.
बड़ा बाजार थाना प्रभारी मुकेश रजक ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की गई. घटनास्थल से फिलहाल कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है. मृतका के पिता ने पति पर आरोप लगाते हुए हत्या की आशंका जताई है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा.
रिपोर्ट: शशांक शेखर
