हजारीबाग (HAZARIBAGH): खेती में कम जमीन होना अब मजबूरी नहीं, बल्कि नई तकनीक अपनाकर बेहतर उत्पादन का अवसर भी बन सकता है. हजारीबाग के विष्णुगढ़ में मचान खेती इसी सोच को जमीन पर उतार रही है. जहां बांस और स्थानीय संसाधनों से तैयार मचान पर एक साथ कई तरह की सब्जियां उगाई जा रही हैं. खास बात यह है कि इस बदलाव की अगुवाई गांव की महिलाएं कर रही हैं. बांस से तैयार मचान सिर्फ सब्जियां उगाने का जरिया नहीं, बल्कि कम जमीन में खेती को ज्यादा उपयोगी बनाने की एक तकनीक है. इसकी मदद से जमीन के साथ ऊपर की जगह का भी इस्तेमाल होता है और एक ही खेत में तीन से चार तरह की सब्जियां उगाने की संभावना बनती है.
दरअसल, विष्णुगढ़ प्रखंड के 11 गांवों में जन जागरण केंद्र इस तरह की उन्नत कृषि और पशुपालन तकनीकों के माध्यम से करीब 2000 परिवारों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम कर रहा है. इस पहल में अजीम प्रेमजी फाउंडेशन का सहयोग भी शामिल है.
बांस के मचान पर एक साथ उगा रहीं कई सब्जियां
मचान खेती में बांस और दूसरे स्थानीय संसाधनों से जमीन के ऊपर एक ढांचा तैयार किया जाता है. इस तकनीक से खेत की खाली ऊपरी जगह का भी इस्तेमाल किया जाता है. इससे कम जमीन में तीन से चार तरह की सब्जियां उगाने की संभावना बनती है. विष्णुगढ़ प्रखंड के 11 गांवों में जन जागरण केंद्र इस तरह की उन्नत कृषि और पशुपालन तकनीकों के जरिए करीब 2000 परिवारों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम कर रहा है. इस पहल में अजीम प्रेमजी फाउंडेशन का सहयोग भी मिल रहा है.
जैविक खाद और प्राकृतिक कीटनाशक का प्रशिक्षण
इस पहल के तहत महिला किसानों को केवल मचान खेती ही नहीं, बल्कि जैविक खाद तैयार करने और प्राकृतिक कीटनाशकों के इस्तेमाल की जानकारी भी दी जा रही है. इसका उद्देश्य खेती में रासायनिक पदार्थों पर निर्भरता कम करना, उत्पादन लागत घटाना और मिट्टी की सेहत बनाए रखना है. महिलाएं प्रशिक्षण के जरिए खेती के नए तरीके सीख रही हैं और उन्हें अपने खेतों में अपनाने की कोशिश कर रही हैं.
कृषि सहायता केंद्र से मिल रही तकनीकी मदद
महिला किसानों को खेती से जुड़ी जरूरतों में सहयोग देने के लिए गांवों में कृषि सहायता केंद्र भी बनाए गए हैं. इनके माध्यम से किसानों को बीज, खाद और तकनीकी सलाह उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है. इसके साथ ही मुर्गी और बकरी पालन को भी बढ़ावा दिया जा रहा है, ताकि परिवारों को खेती के अलावा आमदनी के दूसरे साधन मिल सकें.
रिपोर्ट- शेखर सिंह
