हजारीबाग: जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं. शुक्रवार शाम करीब 8 बजे बरही थाना क्षेत्र स्थित एके पैलेस होटल पर बाइक सवार दो अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी.वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके पर एक धमकी भरा पर्चा फेंककर फरार हो गए.राहत की बात यह है कि गोलीबारी में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, अपाचे बाइक पर सवार दो अपराधी होटल पहुंचे और अचानक गोलियां चलानी शुरू कर दीं। फायरिंग की आवाज से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई. घटना की सूचना मिलते ही बरही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से अपराधियों द्वारा फेंका गया पर्चा जब्त किया है। पर्चे पर कथित तौर पर 'महाकाल राहुल दुबे गैंग' का नाम लिखा हुआ है.
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले हजारीबाग के एके इंटरनेशनल होटल पर भी इसी तरह फायरिंग की घटना हुई थी. उस वारदात की जिम्मेदारी भी इसी गैंग द्वारा लिए जाने की बात सामने आई थी. लगातार होटल और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को निशाना बनाए जाने से स्थानीय कारोबारियों में भय का माहौल है.घटनाओं ने जिले में रंगदारी और आपराधिक वर्चस्व को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
दस दिन पहले सोशल मीडिया पर मिली थी धमकी
होटल संचालक वीरेंद्र रजक ने पुलिस और मीडिया को बताया कि घटना से करीब दस दिन पहले केदार यादव नामक व्यक्ति ने सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें धमकी दी थी.संचालक का आरोप है कि केदार यादव ने होटल को लेकर उन्हें देख लेने की चेतावनी दी थी. उन्होंने आशंका जताई है कि इसी धमकी के बाद उनके होटल पर फायरिंग कराई गई. केदार यादव पिछले विधानसभा चुनाव में बरही से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ चुके हैं और फिलहाल कांग्रेस से जुड़े बताए जाते हैं.हालांकि, इस मामले में उन पर लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और उनकी प्रतिक्रिया भी सामने नहीं आई है.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
बरही एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर ने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से गंभीरता से जांच कर रही है. घटनास्थल से जब्त पर्चे की सत्यता की जांच की जा रही है.साथ ही सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
रिपोर्ट:शाशंक शेखर सिंह
