☰
Jharkhand

जमशेदपुर के मानगो में खुला नाला बना खतरा, 30 जगहों से स्लैब गायब,दीपावली से पहले बड़े हादसे की आशंका

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

जमशेदपुर(JAMSHEDPUR): मानगो के डिमना रोड स्थित संजय पथ से राजस्थान धर्मशाला तक फैला नाला इन दिनों लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है. नाले के ऊपर लगे स्लैब कई जगहों से गायब हैं. करीब 25 से 30 स्थानों पर नाला पूरी तरह खुला है. इससे आसपास रहने वाले लोगों के साथ राहगीरों को भी हर समय हादसे का डर बना रहता है.

सफाई के बाद नहीं लगाए गए स्लैब

स्थानीय लोगों के मुताबिक, दुर्गा पूजा से पहले टाटा स्टील UISL की ओर से इस नाले की सफाई कराई गई थी. इस दौरान सफाई के लिए नाले के ऊपर लगे स्लैब हटाए गए थे. लेकिन काम पूरा होने के बाद उन्हें दोबारा नहीं लगाया गया. देखते ही देखते कई जगहों पर नाला खुला रह गया. लोगों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों को जानकारी दी गई. स्लैब लगाने की मांग भी की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है.

खुले नाले में गिरकर चोटिल हो रहे लोग

खुले नाले के कारण सबसे ज्यादा परेशानी रात के समय होती है. अंधेरे में नाला दिखाई नहीं देने से राहगीरों के उसमें गिरने का खतरा बना रहता है. स्थानीय लोगों का दावा है कि अब तक कई लोग नाले में गिरकर चोटिल हो चुके हैं. इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है.

त्योहार से पहले लोगों ने उठाई मांग

दीपावली नजदीक है और त्योहार के दौरान बाजारों व सड़कों पर लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है. ऐसे में खुले नाले किसी बड़े हादसे की वजह बन सकते हैं. स्थानीय लोगों ने टाटा स्टील यूआईएसएल से जल्द से जल्द सभी खुले स्थानों पर स्लैब लगाने की मांग की है. लोगों का कहना है कि किसी बड़े हादसे का इंतजार करने के बजाय समय रहते नाले को ढकने की व्यवस्था की जानी चाहिए.

रिपोर्ट- रंजीत ओझा