हजारीबाग: पकरी बरवाडीह कोयला खनन परियोजना में गुरुवार को संविधान दिवस उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया. इस अवसर पर परियोजना के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया और इसके मूल आदर्शों एवं सिद्धांतों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई.
कार्यक्रम के दौरान श्री पवन कुमार रावत, महाप्रबंधक (इंफ्रास्ट्रक्चर) ने अधिकारियों और कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराया. इस दौरान सभी ने न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के संवैधानिक मूल्यों को अपने जीवन और कार्यशैली में अपनाने का संकल्प लिया.कार्यक्रम में संविधान के महत्व और देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में इसकी भूमिका पर प्रकाश डाला गया. वक्ताओं ने कहा कि भारतीय संविधान केवल शासन व्यवस्था का आधार नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक के अधिकारों, कर्तव्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों का मार्गदर्शक भी है.
इस मौके पर देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक परंपराओं को बनाए रखने में प्रत्येक नागरिक की भूमिका पर भी जोर दिया गया. कार्यक्रम के समापन पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संवैधानिक आदर्शों और मूल कर्तव्यों का अपने कार्यक्षेत्र तथा दैनिक जीवन में पालन करने का संकल्प लिया. पकरी बरवाडीह कोयला खनन परियोजना में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से संविधान के प्रति जागरूकता और लोकतांत्रिक मूल्यों को आत्मसात करने का संदेश दिया गया.
रिपोर्ट: शेखर सिंह
