हजारीबाग(HAZARIBAGH): जिले में NIA की कार्रवाई से इलाके में हलचल मच गई. पटना से पहुंची NIA की टीम ने बड़ा बाजार थाना क्षेत्र के हुरहुरू बाबा पथ स्थित सुभाष बारला मार्ग पर दो अलग-अलग घरों में जांच की. यह कार्रवाई जाली नोट से जुड़े एक मामले की जांच के सिलसिले में की गई.
सुबह पहुंची टीम, दो घरों में हुई जांच
NIA की टीम सुबह ही संबंधित इलाके में पहुंच गई थी. इसके बाद अधिकारियों ने उदय साव और प्रदीप साव के घरों में अलग-अलग जांच शुरू की. बताया जा रहा है कि दोनों व्यक्ति बिहार के रहने वाले हैं. हालांकि, दोनों के बीच क्या रिश्ता है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. वे सगे भाई हैं या रिश्तेदार, इस बारे में भी फिलहाल स्पष्ट जानकारी नहीं है.
प्रिंटर, हार्ड ड्राइव और दस्तावेज अपने साथ ले गई टीम
कई घंटे तक चली जांच के बाद NIA की टीम दोनों घरों से बाहर निकली. इस दौरान टीम अपने साथ एक प्रिंटर मशीन, कुछ हार्ड ड्राइव और दस्तावेज लेकर गई है. हालांकि, इन सामानों को लेकर अधिकारियों ने कोई जानकारी देने से इनकार कर दिया. अधिकारियों का कहना था कि वे इस संबंध में कुछ भी बताने के लिए अधिकृत नहीं हैं.
गिरफ्तारी को लेकर स्थिति साफ नहीं
NIA की इस कार्रवाई के बाद इलाके में कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं. हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि जांच के दौरान किसी की गिरफ्तारी हुई है या नहीं. साथ ही, बरामद सामान का जाली नोट के मामले से क्या संबंध है, इसकी भी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. फिलहाल NIA की ओर से कोई औपचारिक बयान जारी नहीं किया गया है. ऐसे में जांच और कार्रवाई से जुड़ी पूरी जानकारी एजेंसी के आधिकारिक बयान के बाद ही सामने आ सकेगी.
रिपोर्ट- शशांक शेखर सिंह