☰
Jharkhand

अधिवक्ता की रहस्यमई मौत पर उठा सवाल, दिन में इंस्टा पर अपलोड किया वीडियो, रात होते ही कैसे खत्म हुई ज़िंदगी?

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

हजारीबाग (HAZARIBAGH): हजारीबाग के बंगाली कॉलोनी स्थित गुप्ता अपार्टमेंट में हाईकोर्ट की वकील अनुष्का चक्रवर्ती की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला अब तूल पकड़ने लगा है. मृतका के परिजनों ने उनके पति कुशाग्र रुद्र पर गंभीर आरोप लगाते हुए इसे आत्महत्या मानने से इनकार किया है. परिवार ने मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है. वहीं, रामगढ़ की विधायक ममता देवी ने दोषियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है. इस घटना के बाद परिजनों के साथ-साथ वकील समुदाय में भी आक्रोश देखने को मिल रहा है.

अनुष्का के भाई देवजीत चक्रवर्ती ने घटना वाले दिन उनकी मां को भेजे गए व्हाट्सऐप मैसेज पर सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि अनुष्का आमतौर पर अपनी मां से फोन या वॉइस कॉल के जरिए बातचीत करती थीं. यदि कभी मैसेज भेजती भी थीं, तो बंगाली भाषा में टाइप करके भेजती थीं. लेकिन घटना वाले दिन उनकी मां को हिंदी में टाइप किया हुआ मैसेज भेजा गया था. देवजीत ने इस बदलाव को संदिग्ध बताते हुए मैसेज की जांच कराने की मांग की है.

परिजनों ने अनुष्का के पति और ससुराल के अन्य सदस्यों पर प्रताड़ित करने का भी आरोप लगाया है. देवजीत के मुताबिक, कुछ दिन पहले अनुष्का का मिसकैरेज हुआ था. इसके बाद कथित तौर पर उन्हें बच्चा पैदा नहीं कर पाने को लेकर ताने दिए जाते थे. हालांकि, परिवार की ओर से लगाए गए इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. परिजनों के मुताबिक, घटना वाले दिन देर शाम अनुष्का दुर्गापूजा के सिंदूर खेला कार्यक्रम में शामिल हुई थीं. परिवार का दावा है कि कार्यक्रम के दौरान सामने आए फोटो और वीडियो में वह खुश नजर आ रही थीं. ऐसे में देर रात उनकी मौत की खबर मिलने से परिवार के लोग सदमे में हैं. बताया गया कि अनुष्का और कुशाग्र रुद्र की शादी करीब तीन वर्ष पहले लव मैरिज के जरिए हुई थी. घटना के बाद परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है. वे लगातार न्याय की गुहार लगा रहे हैं.

मामले में सदर एसडीपीओ रूपक कुमार सिंह ने बताया कि महिला के पति की ओर से डायल 112 पर सूचना दी गई थी. पति ने पुलिस को बताया था कि उनके स्टाफ से जानकारी मिली कि अनुष्का ने घर का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया है. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई. वहां अनुष्का फंदे से लटकी मिलीं. इसके बाद उन्हें शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां पोस्टमार्टम कराया गया. पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

रामगढ़ की विधायक ममता देवी भी अनुष्का के परिजनों से मिलने शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचीं. उन्होंने इस मौत को हत्या बताते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की. विधायक के अनुसार, पति-पत्नी के बीच पहले भी विवाद होते थे. समझाने-बुझाने के बाद अनुष्का अपने पति के साथ रह रही थीं.

ममता देवी ने घटना की परिस्थितियों और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए. उन्होंने दावा किया कि अस्पताल में शाम पांच बजे के बाद पोस्टमार्टम की सुविधा उपलब्ध नहीं होने के बावजूद देर शाम पोस्टमार्टम किए जाने की बात सामने आई है. उन्होंने इस पूरे मामले की जांच कराने की मांग की. विधायक ने चेतावनी दी कि यदि अगले 24 घंटे के भीतर मामले में कार्रवाई नहीं हुई, तो वह मृतका के शव को संबंधित थाने में रखकर प्रदर्शन करेंगी. उन्होंने दोषी पाए जाने वाले लोगों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है.

अनुष्का की मौत के बाद वकील समुदाय में भी नाराजगी बढ़ गई है. शुक्रवार को पोस्टमार्टम यार्ड में यह आक्रोश देखने को मिला, जहां मृतका के परिजनों के समर्थन में पहुंचे वकीलों ने पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर और पुलिस पदाधिकारियों से कई तीखे सवाल पूछे. वकीलों ने घटना की परिस्थितियों और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया को लेकर जवाब मांगे.

परिजनों और वकीलों की मांग है कि मामले की निष्पक्ष जांच हो और यदि किसी की संलिप्तता सामने आती है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए. फिलहाल, अनुष्का चक्रवर्ती की मौत को लेकर परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों और पुलिस के बयान के बीच जांच जारी है. उनकी मौत आत्महत्या थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसका खुलासा जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही हो सकेगा.

रिपोर्ट: शशांक शेखर