Jharkhand

प्रिंस खान गैंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, मुठभेड़ में आरोपी के पैर में लगी गोली, 4 गिरफ्तार

Rashmi Prasad  CE
Rashmi Prasad CE
Copy Editor

हजारीबाग: कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान को लेकर बड़ी खबर सामने आई है. 13 माइल गोलीकांड के बाद प्रिंस खान गिरोह के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में हजारीबाग पुलिस को शनिवार सुबह बड़ी सफलता मिली है. हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गिरोह से जुड़े आरोपी अंकित कुमार पांडेय के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया. इस कार्रवाई में पुलिस ने कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. मुठभेड़ के बाद पुलिस ने इलाके में तलाशी और छापेमारी अभियान तेज कर दिया. पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर दो देसी पिस्टल, दो देसी बम, एक जिंदा गोली, एक खोखा, एक मिसफायर गोली, पांच मोबाइल फोन और चार पर्चे बरामद किए गए हैं. पुलिस अब इन बरामदगी के आधार पर गिरोह के नेटवर्क और अन्य सदस्यों की जानकारी जुटा रही है.

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि प्रिंस खान गिरोह का सक्रिय सदस्य अंकित कुमार पांडेय हथियारों की गतिविधियों से जुड़ा हुआ है. इसके बाद एसआईटी ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की. मोबाइल फोन की जांच में टेलीग्राम के जरिए गिरोह के सदस्यों से संपर्क होने की बात सामने आई. पूछताछ में पुलिस के अनुसार, अंकित ने 25 जुलाई की रात 13 माइल ट्रांसपोर्ट रोड पर हुई गोलीबारी में अपनी कथित संलिप्तता स्वीकार की. उसकी निशानदेही पर पुलिस टीम पिपराडीह-चंदौल सड़क किनारे बंद पड़े गैस प्लांट के पास हथियार बरामद करने पहुंची थी. पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान अंकित छिपाकर रखा देसी पिस्टल लेकर भागने लगा और उसने पुलिस टीम की ओर फायर किया. जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें अंकित के बाएं पैर में गोली लगी.

अंकित की गिरफ्तारी और पूछताछ के बाद पुलिस ने गिरोह से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंच बनाई. उसकी निशानदेही पर ओम प्रकाश पांडेय उर्फ कौशल और कुणाल कुमार पांडेय को गिरफ्तार किया गया. वहीं, हथियार और बम उपलब्ध कराने के आरोप में करमा कुमार साहू को भी पकड़ा गया. पुलिस के अनुसार, करमा साहू सोशल मीडिया एप के जरिए राहुल दुबे और प्रिंस खान गिरोह से जुड़े लोगों तक हथियार और बम पहुंचाता था. उसकी निशानदेही पर साध कुटिया जंगल से छिपाकर रखा गया देसी पिस्टल का मैगजीन और बम बरामद किया गया. पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के पूरे नेटवर्क और हथियारों की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है.