हजारीबाग (HAZARIBAGH): हजारीबाग जिले में अवैध शराब को लेकर बड़ी कार्रवाई करते हुए निर्माण, बिक्री और परिवहन पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए उत्पाद विभाग द्वारा लगातार सघन छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है. इसी कड़ी में उपायुक्त हेमन्त सती के कड़े निर्देश पर शनिवार को कटकमदाग थाना क्षेत्र के सलगावा (हरिजन टोला) एवं लुटा क्षेत्र में एक विशेष अभियान चलाया गया. इस दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने अवैध महुआ चुलाई शराब के फलते-फूलते कारोबार पर अब तक की बड़ी कार्रवाई करते हुए माफियाओं के हौसले पस्त कर दिए.
जानकारी के अनुसार, सहायक आयुक्त उत्पाद के निर्देशन एवं निरीक्षक उत्पाद के पर्यवेक्षण में हुई इस सुनियोजित कार्रवाई के दौरान टीम ने सलगावा (हरिजन टोला) के घरों में संचालित 8 भट्ठियों, लुटा क्षेत्र में सक्रिय 10 भट्ठियों तथा सलगावा के अन्य 5 घरों में चल रहे अवैध शराब निर्माण केंद्रों पर एक साथ धावा बोला. इस बड़े स्तर के अभियान के दौरान कुल 23 अवैध भट्ठियों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया. इसके साथ ही टीम ने घटनास्थल और उसके आसपास बड़ी चालाकी से छिपाकर रखा गया लगभग 1200 किलोग्राम अवैध जावा महुआ मौके पर ही विनष्ट कर दिया.
बताते कझले, इस सफल छापेमारी के दौरान शराब निर्माण में प्रयुक्त होने वाले बर्तन, उपकरण एवं अन्य सामग्री को जब्त कर लिया गया, जबकि करीब 220 लीटर तैयार अवैध चुलाई शराब भी बरामद की गई. इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम देने वाले दल में मुख्य रूप से निरीक्षक उत्पाद सौरभ कुमार झा, अवर निरीक्षक उत्पाद भुनेश्वर नायक, अवर निरीक्षक उत्पाद सुमितेश कुमार, उत्पाद आरक्षी अनूप कुमार सिंह तथा सशस्त्र गृह रक्षा वाहिनी के जवान शामिल रहे. विभाग ने बताया कि संलिप्त लोगों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की जा रही है.
