हजारीबाग (HAZARIBAGH): हजारीबाग प्रेस क्लब में नगर निगम के नगर आयुक्त ओमप्रकाश गुप्ता द्वारा पत्रकारों के साथ कथित अभद्र व्यवहार किए जाने के विरोध में गुरुवार को एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया. पत्रकारों के आह्वान पर आयोजित इस धरने में शहर के आम नागरिकों, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने शामिल होकर अपना समर्थन दिया. धरने के दौरान सभी ने एक स्वर में पत्रकारों के सम्मान और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का सवाल उठाया.
दरअसल, दो दिन पूर्व हजारीबाग प्रेस क्लब परिसर में नगर आयुक्त ओमप्रकाश गुप्ता के पहुंचने और क्लब के अध्यक्ष मुरारी सिंह सहित पत्रकारों के साथ कथित अभद्र व्यवहार किए जाने का मामला सामने आया था. पत्रकारों का आरोप है कि नगर निगम के पदाधिकारी द्वारा क्लब से संबंधित दस्तावेजों की मांग करने के दौरान अमर्यादित शब्दों का इस्तेमाल किया गया. इतना ही नहीं, परिसर में पुलिस को भी बुला लिया गया. पत्रकारों का कहना है कि यदि दस्तावेजों की आवश्यकता थी तो इसकी मांग नियमानुसार और उचित समय पर की जानी चाहिए थी. शाम छह बजे के बाद अचानक दस्तावेज मांगने और बातचीत का तरीका अनुचित था.
इस पूरे विवाद की पृष्ठभूमि में नगर निगम की कार्यशैली को लेकर प्रकाशित एक खबर भी है. बीते मंगलवार को पत्रकारों ने छठ महापर्व के अवसर पर घाटों पर स्टोन डस्ट गिराने के लिए जारी लगभग 10 लाख रुपये के टेंडर और उसकी समय-सीमा पर सवाल उठाए थे. पत्रकारों का आरोप है कि जनहित से जुड़े इन्हीं सवालों से नाराज होकर नगर आयुक्त प्रेस क्लब पहुंचे और दुर्व्यवहार किया.
धरना स्थल पर पहुंचे विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है. सरकारी विभागों की कार्यशैली पर सवाल उठाना और जनहित के मुद्दों को सामने लाना पत्रकारों का दायित्व है. ऐसे में पत्रकारों को डराने या उनकी आवाज दबाने का प्रयास स्वीकार्य नहीं है.
इस दौरान हजारीबाग नगर निगम की महापौर ने भी नगर आयुक्त के कार्य व्यवहार पर गंभीर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि नगर आयुक्त का व्यवहार उनके साथ भी इसी प्रकार का रहा है. इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री को अवगत कराने के साथ प्रधानमंत्री को भी पत्राचार किया है. महापौर ने नक्शा स्वीकृति सहित आम लोगों के कार्यों से जुड़ी कई शिकायतों का भी उल्लेख किया. धरना-प्रदर्शन के समापन के बाद पत्रकारों ने अपनी मांगों और पूरे मामले से संबंधित ज्ञापन हजारीबाग उपायुक्त को सौंपा. इस प्रदर्शन के जरिए पत्रकारों ने नगर आयुक्त के व्यवहार और नगर निगम की कार्यप्रणाली को लेकर निष्पक्ष जांच एवं उचित कार्रवाई की मांग उठाई.
रिपोर्ट: शशांक शेखर सिंह
