☰
Jharkhand

मानवता शर्मसार! शौच के लिए निकली विवाहिता से की दरिंदगी, चाकू दिखाकर दी जान से मारने की धमकी

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

हजारीबाग (HAZARIBAGH): हजारीबाग जिले से एक विवाहिता के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है. बरही थाना क्षेत्र के डुमरडीह गांव की रहने वाली महिला ने गांव के ही नसीम अंसारी पर जबरन दुष्कर्म करने और विरोध करने पर चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है. पीड़िता की लिखित शिकायत के आधार पर बरही पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

शौच के लिए घर से निकली थी महिला
प्राथमिकी में दर्ज जानकारी के अनुसार, पीड़िता की उम्र करीब 19 वर्ष है. उसके पति रोजगार के सिलसिले में हैदराबाद में रहते हैं. महिला गांव में अपनी सास और ननद के साथ रहती है. पीड़िता ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 30 सितंबर 2026 की रात करीब 10:30 बजे वह शौच के लिए घर से बाहर निकली थी. इसी दौरान आरोपी नसीम अंसारी उसके कमरे में घुस गया और कथित तौर पर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया.

महिला का आरोप है कि घटना के दौरान उसने विरोध करने और शोर मचाने की कोशिश की. लेकिन आरोपी ने चाकू दिखाकर उसे जान से मारने की धमकी दी. साथ ही घटना की जानकारी किसी को देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी. धमकी के कारण महिला भयभीत हो गई और तत्काल किसी को घटना के बारे में नहीं बता सकी.

शिकायत के मुताबिक, बाद में महिला ने फोन पर अपने पति को पूरी घटना की जानकारी दी. पत्नी से सूचना मिलने के बाद उसका पति हैदराबाद से गांव लौटा. इसके बाद दोनों बरही थाना पहुंचे और पुलिस को लिखित आवेदन देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. पुलिस ने शिकायत के आधार पर नसीम अंसारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है. फिलहाल मामले की जांच की जा रही है.