Jharkhand

हजारीबाग: विष्णुगढ़ में इंजीनियर के घर चोरी, जेवर-नकदी समेत 2 लाख का सामान ले गए चोर

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

हजारीबाग(Hazaribagh): विष्णुगढ़ प्रखंड के गैड़ा गांव में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है. एक के बाद एक हो रही वारदातों के कारण गांव के लोग रात में डर के साए में रहने को मजबूर हैं. ग्रामीणों का कहना है कि चोरी के मामलों का खुलासा नहीं होने और आरोपियों के नहीं पकड़े जाने से चोरों का हौसला बढ़ता जा रहा है.

ताजा मामला गैड़ा गांव निवासी इंजीनियर क्यूम अंसारी के घर का है. रात के समय चोरों ने उनके घर में सेंध लगाकर करीब दो लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली. चोर घर में रखे करीब तीन तोला सोने का हार, 10 तोला चांदी की पायल, स्टेबलाइजर, कांसा-पीतल के बर्तन, नकदी और दूसरे कीमती सामान लेकर फरार हो गए.

घटना का पता चलने पर घर के अंदर का नजारा देखकर परिवार के लोग परेशान हो गए. सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था और कई कीमती चीजें गायब थीं.

पड़ोसी के घर में भी घुसने की कोशिश

क्यूम अंसारी के घर में चोरी करने के बाद चोरों ने पास में रहने वाले सज्जाद अंसारी के घर को भी निशाना बनाने की कोशिश की. हालांकि यहां वे अपने मंसूबे में कामयाब नहीं हो सके. एक ही रात में आसपास के घरों को निशाना बनाए जाने से ग्रामीणों में डर और बढ़ गया है.

ग्रामीणों के मुताबिक, यह पहली घटना नहीं है. करीब चार दिन पहले बढ़ाई टोला और मुस्लिम टोला में स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों में भी चोरी हुई थी. इससे पहले संतोष यादव के घर से भी लाखों रुपये का सामान चोरी हो चुका है.

गैड़ा गांव में चोरों के निशाने पर केवल लोगों के घर नहीं हैं. सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़े सामान भी लगातार चोरी हो रहे हैं. ग्रामीणों के अनुसार, पहले गांव में लगी स्ट्रीट लाइट की बैटरियां और सोलर जलमीनार की बैटरियां चोरी हो चुकी हैं. प्रज्ञा केंद्र को भी चोर निशाना बना चुके हैं.

लगातार हो रही इन घटनाओं से गांव में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी बढ़ रही है. ग्रामीण पुलिस गश्त बढ़ाने के साथ चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे हैं. उनका कहना है कि अगर समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो चोरों का हौसला और बढ़ सकता है.