Jharkhand

हजारीबाग: दनुआ घाटी में फिर कहर बनी रफ्तार, तीन वाहनों की भिड़ंत के बाद 30 फीट खाई में गिरा ट्रक, चालक-उपचालक की मौत

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

हजारीबाग (HAZARIBAGH): जिले के चौपारण थाना क्षेत्र स्थित दनुआ घाटी में रविवार को एक बार फिर भीषण सड़क हादसा हुआ. NH-19 यानी जीटी रोड पर हुए इस हादसे में तीन वाहन आपस में टकरा गए. दुर्घटना इतनी जोरदार थी कि एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने पुल की सुरक्षा रेलिंग तोड़ते हुए करीब 30 फीट गहरी खाई में जा गिरा. ट्रक के खाई में गिरते ही उसके परखच्चे उड़ गए. हादसे में ट्रक में सवार चालक और उपचालक की मौके पर ही दबकर मौत हो गई. दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और कुछ देर के लिए जीटी रोड पर वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई.

जानकारी के अनुसार, हादसा दनुआ घाटी के एक खतरनाक मोड़ के पास हुआ, जहां तीन वाहन आपस में टकरा गए. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, तेज रफ्तार और वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की प्रमुख वजह माना जा रहा है. टक्कर के बाद एक ट्रक अपना संतुलन खो बैठा और सड़क से बाहर निकलकर पुल के नीचे गहरी खाई में जा गिरा. ट्रक के नीचे गिरने की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. हादसे की जानकारी मिलते ही चौपारण थाना की पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव अभियान शुरू किया.

दुर्घटना के बाद पुलिस ने मौके का जायजा लेते हुए यातायात व्यवस्था को सामान्य कराने का प्रयास किया. खाई में गिरे ट्रक से चालक और उपचालक को बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी. दोनों की मौत से इलाके में शोक का माहौल है. पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना में शामिल अन्य वाहनों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है. दनुआ घाटी में पहले भी कई गंभीर सड़क हादसे हो चुके हैं, जिसके कारण इस मार्ग को दुर्घटना संभावित क्षेत्र माना जाता है. प्रशासन की ओर से हादसे के बाद आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.