हजारीबाग (HAZARIBAGH): झारखंड के हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो नाबालिग छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसा लराही रोड स्थित मलिकाना के समीप हुआ. तेज रफ्तार अज्ञात चार पहिया वाहन ने बाइक को टक्कर मारने के बाद सड़क किनारे खड़े दोनों छात्रों को भी अपनी चपेट में ले लिया. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
मृतकों की पहचान सिरमा गांव निवासी दिलीप यादव के पुत्र अमित कुमार (17) और प्रकाश यादव के पुत्र पीयूष कुमार (16) के रूप में हुई है. वहीं, हादसे में सिंघरावां मोड़ निवासी योगेंद्र यादव के पुत्र अमन कुमार (18) गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों के अनुसार, अमित और पीयूष मलिकाना के पास सड़क किनारे खड़े थे. इसी दौरान लराही की ओर से बुलेट से घर लौट रहे अमन की बाइक में विपरीत दिशा से आ रहे एक अज्ञात चार पहिया वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर के बाद वाहन ने दोनों छात्रों को भी कुचल दिया. बताया जाता है कि दोनों छात्र उछलकर सड़क किनारे लगी लोहे की रेलिंग से जा टकराए. सिर और माथे में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई.
हादसे में घायल अमन को तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल बरही ले जाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर कर दिया गया. घटना की सूचना मिलते ही चौपारण पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से स्थिति को नियंत्रित किया.
परिजनों के अनुसार, अमित प्लस टू उच्च विद्यालय टोईया में 11वीं का छात्र था, जबकि पीयूष सुरेखा पब्लिक स्कूल बहेरा में 10वीं में पढ़ता था. सोमवार को दोनों स्कूल नहीं गए थे. पीयूष की विज्ञान और हिंदी की परीक्षा भी थी. बताया गया कि सुबह खेलने के बाद दोनों ने दोपहर में भोजन किया और घूमने के लिए घर से निकले थे. किसी को अंदाजा नहीं था कि उनका यह सफर आखिरी साबित होगा.
हादसे ने दोनों परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है. अमित और पीयूष अपने-अपने परिवार में दो भाइयों में बड़े थे. अब उनके छोटे भाई ही परिवार में रह गए हैं. घटनास्थल पर पीयूष की मां बेटे के शव से लिपटकर रोती रहीं और बार-बार बेसुध हो जा रही थीं. परिजनों का विलाप देख मौके पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं.
पुलिस ने आपदा मित्र एंबुलेंस की मदद से दोनों छात्रों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए बरही अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया. चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. हादसे के बाद अज्ञात चार पहिया वाहन की पहचान करने की दिशा में भी पुलिस की कार्रवाई जारी है.
रिपोर्ट: शशांक शेखर सिंह
