Jharkhand

हजारीबाग वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, भगहर जंगल में 20 अवैध शराब भट्ठियां ध्वस

Rashmi Prasad CE
Copy Editor
हजारीबाग वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, भगहर जंगल में 20 अवैध शराब भट्ठियां ध्वस

हजारीबाग (HAZARIBAGH): जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां वन विभाग ने अवैध महुआ शराब निर्माण और लकड़ी तस्करी के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक को अंजाम दिया है. विभाग की टीम ने भगहर जंगल क्षेत्र में व्यापक छापेमारी अभियान चलाकर माफियाओं के नेटवर्क को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया है. चौपारण वन क्षेत्र पदाधिकारी संटू शर्मा के नेतृत्व और वरीय वन पदाधिकारी सत्येंद्र कुमार चौधरी के मार्गदर्शन में चलाए गए इस विशेष अभियान में चौपारण पुलिस के साथ-साथ विभिन्न वन प्रक्षेत्रों के कर्मियों ने संयुक्त रूप से मोर्चा संभाला.

आपको बता दें, इस बड़े ऑपरेशन के दौरान वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने जंगल के दुर्गम और संवेदनशील इलाकों में दबिश दी. घंटों चले इस तलाशी अभियान में टीम ने अवैध रूप से संचालित की जा रही 20 महुआ शराब भट्ठियों को ढूंढ निकाला और उन्हें मौके पर ही पूरी तरह जमींदोज कर दिया. इसके अलावा, टीम ने भारी मात्रा में शराब बनाने की सामग्री को नष्ट किया, जिसमें लगभग 30 हजार लीटर जावा महुआ और 500 लीटर तैयार महुआ शराब शामिल थी. माफियाओं द्वारा शराब निर्माण में इस्तेमाल किए जा रहे बड़ी संख्या में ड्रम, डेगची, पाइप और अन्य उपकरणों को भी जब्त कर नष्ट कर दिया गया.

बताया जा रहा है कि चौपारण रेंजर संटू शर्मा को पिछले काफी समय से इस इलाके में अवैध गतिविधियों के संचालन की गुप्त सूचनाएं मिल रही थीं. इसी इनपुट के आधार पर इस व्यापक कार्रवाई की रणनीति तैयार की गई थी. हालांकि, घने जंगल का फायदा उठाकर और कार्रवाई की भनक लगते ही शराब माफिया मौके से फरार होने में कामयाब रहे, जिनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं. अधिकारियों ने कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया है कि जंगलों में अवैध शराब निर्माण, लकड़ी कटाई और वन्य जीवों की तस्करी को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आने वाले दिनों में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे.