Jharkhand

हजारीबाग: घर के कमरे में खून से लथपथ मिला वृद्ध महिला का शव, हत्या की आशंका

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

हजारीबाग (HAZARIBAGH): जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत पंकरी बरवाडीह गांव में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई जब एक वृद्ध महिला का शव उसके घर के अंदर खून से लथपथ अवस्था में पाया गया. मृतका की पहचान 85 वर्षीय मंगनी मोसोमात, पति स्व. चौधरी साव के रूप में हुई है. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई और पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया. शुरुआती जानकारी में मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है.

सूचना मिलते ही बड़कागांव थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. महिला के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे स्पष्ट होता है कि किसी धारदार या भारी वस्तु से हमला किया गया हो सकता है. पुलिस ने घर और आसपास के क्षेत्र को घेरकर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. घटना की गंभीरता को देखते हुए फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वॉड टीम को भी मौके पर बुलाया गया, ताकि वैज्ञानिक तरीके से जांच को आगे बढ़ाया जा सके.

थाना प्रभारी दीपक सिंह ने बताया कि मामले की जांच हर संभावित एंगल से की जा रही है और किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा. फिलहाल पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना से जुड़े सुराग हासिल किए जा सकें.