Jharkhand

हजारीबाग: 16.30% राशन कार्डधारियों की E-KYC बाकी, समय रहते प्रक्रिया पूरी करने की अपील

Rashmi Prasad  CE
Rashmi Prasad CE
Copy Editor

हजारीबाग (HAZARIBAGH): राशन कार्डधारियों के लिए जरूरी खबर सामने आई है. जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) को अधिक पारदर्शी और फर्जीवाड़ा मुक्त बनाने के लिए राज्य सरकार ने राशन कार्डधारियों के लिए E-KYC अनिवार्य कर दी है. इसके बावजूद हजारीबाग जिले में यह प्रक्रिया अपेक्षित गति से पूरी नहीं हो सकी है. जिले के कुल 14,53,914 लाभार्थियों में से अब तक 12,16,882 लोगों ने E-KYC पूरी कर ली है, जो कुल लाभार्थियों का 83.70 प्रतिशत है. वहीं 2,37,032 लाभार्थी यानी 16.30 प्रतिशत लोग अब भी E-KYC से वंचित हैं. जिले में कुल 3,16,054 राशन कार्डधारक विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ ले रहे हैं. प्रशासन का कहना है कि E-KYC पूरी होने से पात्र लाभार्थियों की पहचान आसान होगी और योजनाओं का लाभ सही लोगों तक पहुंचेगा.

जारी आंकड़ों के अनुसार चौपारण प्रखंड में सबसे अधिक 25,350 लाभार्थियों ने अब तक E-KYC नहीं कराई है. इसके बाद विष्णुगढ़ में 24,969, बरकट्ठा में 22,228 और इचाक में 21,498 मामले लंबित हैं. वहीं बड़कागांव में 14,969, बरही में 17,379, हजारीबाग सदर में 16,677 और कटकमसांडी में 17,174 लाभार्थियों की E-KYC अभी बाकी है. दूसरी ओर चुरचू में 5,376 और दारू में 6,571 लंबित मामलों के साथ सबसे कम संख्या दर्ज की गई है. प्रशासन इन प्रखंडों में विशेष अभियान चलाकर प्रक्रिया पूरी कराने की तैयारी कर रहा है.

जिला आपूर्ति पदाधिकारी मुरली यादव ने बताया कि E-KYC का उद्देश्य फर्जी और डुप्लीकेट राशन कार्डों की पहचान कर उन्हें निरस्त करना तथा वास्तविक जरूरतमंद परिवारों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है. उन्होंने कहा कि E-KYC पूरी होने के बाद लाभार्थियों का भौतिक सत्यापन भी आसान होगा और वितरण प्रणाली अधिक पारदर्शी बनेगी. जिला प्रशासन ने सभी राशन कार्डधारियों से अपील की है कि जिन्होंने अब तक E-KYC नहीं कराई है, वे जल्द अपने नजदीकी जन वितरण प्रणाली (PDS) विक्रेता या संबंधित केंद्र पर जाकर प्रक्रिया पूरी कर लें. समय रहते E-KYC नहीं कराने पर भविष्य में राशन और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में कठिनाई हो सकती है.