☰
Jharkhand

हजारीबाग : बड़कागांव के बुढ़वा महादेव मंदिर में अधिकार को लेकर दो गांवों में खूनी संघर्ष, जमकर पथराव और तोड़फोड़, पुलिस ने संभाला मोर्चा

Ranchi Bureau
Ranchi Bureau
Senior News Publisher • TheNewsPost.in
हजारीबाग:  झारखंड के हजारीबाग जिले के बड़कागांव स्थित प्रसिद्ध बुढ़वा महादेव मंदिर में अधिकार और निर्माण कार्य को लेकर दो गांवों के बीच विवाद हिंसक हो गया. कांडतरी और गुरुचट्टी गांव के ग्रामीण आमने-सामने आ गए. देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच जमकर पत्थरबाजी और मारपीट हुई. इस दौरान वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई. घटना में कुछ लोगों के घायल होने की सूचना है.

मंदिर में निर्माण कार्य को लेकर बढ़ा विवाद

जानकारी के अनुसार, पूरे विवाद की शुरुआत बुढ़वा महादेव मंदिर में निर्माण कार्य को लेकर हुई. आरोप है कि कांडतरी गांव के लोगों ने मंदिर में जबरन निर्माण कार्य शुरू कर दिया था. इसका विरोध करते हुए गुरुचट्टी गांव के लोगों ने संबंधित अधिकारियों को आवेदन देकर निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाने की मांग की थी. हालांकि, आरोप है कि इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी रहा. इससे दोनों गांवों के बीच तनाव बढ़ता चला गया.

मंदिर में दीप जलाने पहुंचे लोगों के साथ मारपीट का आरोप

बताया जा रहा है कि बीती रात गुरुचट्टी गांव के कुछ लोग बुढ़वा महादेव मंदिर में दीप जलाने पहुंचे थे. इसी दौरान आरोप है कि कांडतरी गांव के लोगों ने गुरुचट्टी के अध्यक्ष, सचिव समेत अन्य लोगों के साथ मारपीट की. इस दौरान बुढ़वा महादेव विकास सह शांति समिति के अध्यक्ष दामोदर प्रसाद मेहता की डस्टर गाड़ी में भी जमकर तोड़फोड़ की गई.

दुकानों को बंद कराने के बाद फिर भड़की हिंसा

घटना के बाद रविवार को गुरुचट्टी में कांडतरी गांव के लोगों की दुकानों को बंद करा दिया गया. इससे कांडतरी के ग्रामीण आक्रोशित हो गए. आरोप है कि इसके बाद कांडतरी के लोग गुरुचट्टी गांव में घुस गए और पत्थरबाजी शुरू कर दी. देखते ही देखते दोनों ओर से जमकर पथराव होने लगा. पूरे इलाके में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया.

पुलिस ने संभाला मोर्चा, स्थिति नियंत्रण में

दो गांवों के बीच हिंसक झड़प की सूचना मिलते ही बड़कागांव थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर अलग किया और स्थिति को नियंत्रित किया. फिलहाल इलाके में स्थिति सामान्य बताई जा रही है, हालांकि दोनों गांवों के बीच तनाव बरकरार है.बड़कागांव एसडीपीओ अमित आनंद ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है. दोनों गांवों के लोगों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने त्योहार के मद्देनजर लोगों से सामाजिक सौहार्द बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की है. पुलिस लगातार इलाके पर नजर बनाए हुए है, ताकि दोबारा किसी तरह की अप्रिय घटना न हो.

हजारीबाग से शशांक शेखर की रिपोर्ट