☰
Jharkhand

हजारीबाग: बरही विधानसभा को मिली 14.83 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात, सड़क-पुल से लेकर मंडी तक होगा निर्माण

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

हजारीबाग (HAZARIBAGH): बरही विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के लिए करीब 14.83 करोड़ रुपये की योजनाओं को प्रशासनिक मंजूरी मिली है. विधायक मनोज कुमार यादव की अनुशंसा और सांसद मनीष जायसवाल के सहयोग से बरही, चौपारण और पदमा प्रखंड में सड़क, पुल, सिंचाई, मंडी और भंडारण केंद्र से जुड़े कई काम कराए जाएंगे. इन योजनाओं से ग्रामीण इलाकों में आवागमन बेहतर होने के साथ किसानों और छोटे व्यापारियों को भी फायदा मिलने की उम्मीद है.

बरही में सड़क, पुल और मंडी का निर्माण

बरही प्रखंड में कई सड़कों के निर्माण को मंजूरी मिली है. इसमें बरही तिलैया रोड से केशरी धर्मशाला होते हुए फोरलेन तक सड़क निर्माण पर 1.26 करोड़ रुपये और विजैय चौक से ओरपरता सीमाना तक सड़क बनाने पर करीब 2.48 करोड़ रुपये खर्च होंगे. जरहिया गांव में भी पीसीसी सड़क बनाई जाएगी.

इसके अलावा मलकोको पंचायत में बरसोती नदी पर 75 लाख रुपये की लागत से पुल बनेगा. गौरियाकरमा के केवलिया डैम में 1.42 करोड़ रुपये से सिंचाई योजना शुरू होगी. किसानों के लिए 1.06 करोड़ रुपये की लागत से भंडारण केंद्र और फल-सब्जी विक्रेताओं के लिए एक करोड़ रुपये से मंडी बनाई जाएगी.

चौपारण और पदमा को भी मिली योजनाएं

चौपारण प्रखंड में चयकला से भटवाचक तक करीब 2.46 करोड़ रुपये और बसरिया से अमझर कालीकरण रोड तक करीब 1.29 करोड़ रुपये की लागत से सड़क बनाई जाएगी.

वहीं पदमा प्रखंड के अडार गांव में देवी मंडप से बंदरबेला रोड तक करीब 97 लाख रुपये और सरैया से शशि मेडिकल तक करीब 76 लाख रुपये की लागत से पीसीसी सड़क का निर्माण होगा.

जल्द शुरू होंगे काम

विधायक मनोज कुमार यादव ने कहा कि विधानसभा के सभी गांवों तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है. उन्होंने बताया कि सांसद मनीष जायसवाल के सहयोग से इन योजनाओं को मंजूरी मिली है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा.

रिपोर्ट- शशांक शेखर सिंह