Jharkhand

शादी का सपना दिखाकर किया शोषण, फिर हुआ फरार, हजारीबाग पुलिस ने जमशेदपुर से ऐसे दबोचा आरोपी

Varsha Varma CE
Varsha Varma CE
Copy Editor

हजारीबाग(HAZARIBAGH): जिले में शादी का झांसा देकर एक युवती के साथ कथित रूप से लंबे समय तक शारीरिक संबंध बनाने और बाद में विवाह से इनकार करने का मामला सामने आया है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को जमशेदपुर से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है.

लोहसिंघना थाना क्षेत्र के कोलघटी मोहल्ले की रहने वाली एक युवती ने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी. शिकायत में उसने आरोप लगाया कि अश्विनी रंजन नामक युवक ने उससे शादी करने का वादा किया था. इसी भरोसे के आधार पर दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और उनका संबंध गहरा होता गया.

पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने विवाह का आश्वासन देकर कई महीनों तक उसका शारीरिक शोषण किया. जब उसने शादी की बात को लेकर दबाव बनाना शुरू किया, तब युवक का व्यवहार बदलने लगा. धीरे-धीरे उसने युवती से दूरी बना ली और अंत में शादी करने से साफ इनकार कर दिया. इसके बाद वह अचानक गायब हो गया, जिसके बाद युवती ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया.

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने दोनों पक्षों से जानकारी जुटाई. लोहसिंघना थाना प्रभारी निशांत केरकेट्टा ने बताया कि आरोपी कोलघटी इलाके में किराये के मकान में रहकर एक निजी कंपनी में काम करता था. इसी दौरान उसकी मुलाकात युवती से हुई थी और दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हुए थे.

पुलिस जांच में युवती द्वारा लगाए गए आरोप सही पाए गए. इसके बाद आरोपी की तलाश शुरू की गई. जांच के दौरान 31 मई को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अपने पैतृक घर, जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र स्थित मनीफीट इलाके में मौजूद है.

सूचना मिलते ही लोहसिंघना थाना पुलिस ने टेल्को थाना की मदद से संयुक्त छापेमारी की और आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद उसे हजारीबाग लाया गया, जहां आवश्यक चिकित्सकीय जांच पूरी की गई. उसे न्यायिक हिरासत में भेजते हुए हजारीबाग केंद्रीय कारा भेज दिया गया. पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है और जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.

 

TagsCRIME