☰
Jharkhand

हजारीबाग में अवैध कोयले पर CISF का शिकंजा, अवैध कोयला लदा ट्रक जब्त

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

हजारीबाग (HAZARIBAGH): जिले में अवैध कोयले के कारोबार पर रोक लगाने के लिए केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने बड़ी कार्रवाई की है. जवानों ने चरही इलाके में छापेमारी अभियान के दौरान अवैध कोयला लदे एक ट्रक को जब्त किया है. ट्रक चालक को कोयले के परिवहन से जुड़े कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले. इसके बाद सुरक्षा बल ने ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया.

एम्बुश लगाकर रखी जा रही थी नजर

जानकारी के अनुसार, CISF की एनटीपीसी-सीएमपी इकाई को इलाके में अवैध कोयला खनन और परिवहन की सूचना मिली थी. इसके बाद चरही और 14 माइल के आसपास के क्षेत्रों में जवानों ने एम्बुश लगाकर निगरानी शुरू की थी. इसी दौरान 9 नवंबर 2026 की रात करीब 3:30 बजे जवानों को कोयला लदा एक ट्रक दिखाई दिया. संदेह होने पर एम्बुश पार्टी ने तुरंत क्विक रिएक्शन टीम (QRT) को इसकी जानकारी दी. सूचना मिलते ही QRT की टीम सक्रिय हुई और ट्रक का पीछा करना शुरू कर दिया. करीब एक किलोमीटर तक पीछा करने के बाद चरही फ्लाईओवर ब्रिज के पास ट्रक को रोक लिया गया.

अवैध खनन और भंडारण की मिली थी सूचना

ट्रक की जांच के दौरान कोयले के परिवहन से संबंधित कोई वैध कागजात नहीं दिखाए जा सके. इसके बाद CISF ने ट्रक को जब्त कर लिया. फिलहाल, जब्त वाहन को निर्धारित स्थान पर लाने की प्रक्रिया की जा रही है. बताया गया है कि CISF को विश्वसनीय सूत्रों से जानकारी मिली थी कि जोराकाट इलाके में अवैध तरीके से कोयले का खनन किया जा रहा है. इसके बाद कोयले को दासोखाप में जमा किया जाता है और नए रास्तों के जरिए दूसरे स्थानों तक पहुंचाया जाता है. इस सूचना के बाद CISF ने संबंधित इलाकों में निगरानी बढ़ा दी थी. सुरक्षा बल का कहना है कि अवैध कोयला खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.